मुंगेर में दिखेगा ‘ट्विन टावर’, 250 फीट ऊंचे दुर्गा पूजा पंडाल में उमड़ेगा आस्था का सैलाब

मुंगेर में दुर्गापूजा का भव्य आकर्षण, 250 फीट ऊंचे ट्विन टावर जैसा बनेगा पंडाल

मुंगेर। दुर्गापूजा को लेकर मुंगेर के कल्याणपुर में इस बार भव्य और अनोखे पंडाल की तैयारी की जा रही है। बड़ी दुर्गा महारानी पूजा समिति की ओर से मलेशिया के प्रसिद्ध पेट्रोनास ट्विन टावर की तर्ज पर करीब  पंडाल बनाया जा रहा है। पंडाल के दोनों टावरों के बीच स्काई ब्रिज भी तैयार किया जा रहा है।

पूजा परिसर में ब्रिटिश पार्लियामेंट की शैली में एक अलग संरचना भी बनाई जा रही है, जहां भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आयोजन समिति के अनुसार, हर वर्ष अंतरराष्ट्रीय स्तर की इमारतों और स्थलों की थीम पर यहां पंडाल तैयार किया जाता है। इससे पहले बुर्ज खलीफा, थाईलैंड के अरुण मंदिर और जयपुर के हवामहल जैसी थीम भी देखने को मिल चुकी है।

75 कारीगर जुटे निर्माण में

पंडाल को आकार देने के लिए झारखंड के गिरिडीह से आए करीब 75 मुस्लिम कारीगर पिछले ढाई महीने से काम कर रहे हैं। बांस, कपड़े, रस्सी और थर्माकोल समेत विभिन्न सामग्रियों से विशाल ढांचे को तैयार किया जा रहा है। कारीगरों के मुताबिक, वे पिछले कई वर्षों से कल्याणपुर में अलग-अलग थीम वाले पंडाल बनाने का काम कर रहे हैं।

झरने और घंटियों से सजेगा परिसर

इस बार पूजा परिसर की सजावट भी खास रखने की तैयारी है। पूरी गली को झरने की थीम पर सजाया जाएगा, जबकि करीब 10 हजार घंटियां लगाने की योजना है। इसके साथ लेजर लाइट शो भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे खास

पूजा के दौरान कई चर्चित कलाकारों के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। अष्टमी, नवमी और विजयादशमी के अवसर पर भोजपुरी और बॉलीवुड के कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। आयोजन समिति के अनुसार, पिछले वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे थे। इस बार भी भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

एआई कैमरों से होगी निगरानी

भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर परिसर में एआई कैमरों की मदद से निगरानी की जाएगी। समिति के मुताबिक, बड़ी संख्या में पुरुष और महिला बाउंसर भी तैनात किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *