बिहार के 1.60 लाख बाढ़ प्रभावित परिवारों के खाते में पहुंचे 7-7 हजार रुपये, सीएम सम्राट ने सभी डीएम को दिया निर्देश
पटना। बिहार में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को 112.14 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी की। इसके तहत राज्य के 1 लाख 60 हजार से अधिक बाढ़ प्रभावित परिवारों के बैंक खातों में 7-7 हजार रुपये की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से भेजी गई।
मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों का दोबारा सर्वे कराया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र परिवार सहायता राशि से वंचित नहीं रहना चाहिए। यदि किसी प्रभावित परिवार को अब तक राशि नहीं मिली है, तो उसका नाम शीघ्र भेजा जाए, ताकि उसे भी राहत उपलब्ध कराई जा सके।
14 अक्टूबर को किसानों को मिलेगी कृषि इनपुट सहायता
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 14 अक्टूबर को किसानों के खातों में कृषि इनपुट अनुदान की राशि जारी की जाएगी। बाढ़ से प्रभावित किसानों को फसल और कृषि संबंधी नुकसान के मद्देनजर यह सहायता दी जाएगी।
दीपावली से पहले बुनियादी सुविधाएं बहाल करने का निर्देश
सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दीपावली से पहले बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान अपने घर लौटने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान पर विचार करने की बात भी कही। उन्होंने अधिकारियों से राहत कार्यों की निगरानी और प्रभावित इलाकों में आवश्यक सुविधाएं बहाल करने को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
बिहार में करीब 55 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित
हाल के दिनों में गंगा, गंडक, कोसी, बागमती और बलान नदियों में आई बाढ़ से बिहार में करीब 55 लाख की आबादी प्रभावित हुई। भागलपुर और नवगछिया सहित कई क्षेत्रों में बाढ़ और गंगा नदी के कटाव से लोगों को नुकसान हुआ है। कई स्थानों पर मकानों और जमीन के नदी में समाने की खबरें भी सामने आई हैं।
सरकार के अनुसार, इससे पहले 15 सितंबर को 8.27 लाख बाढ़ प्रभावित परिवारों को 7-7 हजार रुपये की सहायता दी गई थी। अब दूसरे चरण में 1.60 लाख से अधिक परिवारों को राहत राशि उपलब्ध कराई गई है।