CJP नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को 5 दिन की न्यायिक हिरासत

नई दिल्ली। जंतर-मंतर में कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश करने के मामले में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दिल्ली की विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट अदालत ने बुधवार को दोनों को तिहाड़ जेल भेजने का आदेश दिया।

मामला मंगलवार का है, जब CJP के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर की ओर जाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन स्थल को हाल ही में आधिकारिक विरोध स्थल की सूची से हटाया गया है। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड और बंद गेट पार कर परिसर में प्रवेश किया तथा पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया।

तिरंगा लेकर पहुंचे थे प्रदर्शनकारी

CJP नेताओं का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से जंतर-मंतर पहुंचे थे और वहां राष्ट्रीय ध्वज फहराकर नारे लगाए। वहीं पुलिस का आरोप है कि उन्होंने प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर पुलिसकर्मियों के काम में बाधा डाली और पहले दिए गए शांति संबंधी बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन किया।

पुलिस ने इस मामले में अवैध जमावड़ा, आदेश की अवहेलना और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। एक अन्य CJP नेता अजिंक्य शिंदे को व्यक्तिगत बॉन्ड पर रिहा कर दिया गया है।

CJP ने कार्रवाई का किया विरोध

CJP की ओर से पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए गए हैं। संगठन का कहना है कि उसके नेताओं को शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किया गया। पार्टी की ओर से इन गिरफ्तारियों के खिलाफ आंदोलन जारी रखने की बात कही गई है।

यह कार्रवाई CJP और विपक्षी दलों की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चल रहे विरोध के बीच हुई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *