CJP के समर्थन में राहुल गांधी, बोले- अलग-अलग झंडे लेकिन लड़ाई एक

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ दिल्ली में चल रहे विरोध-प्रदर्शन के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने CJP के आंदोलन के समर्थन में बयान दिया है। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन और तिरंगा फहराने के मामले में CJP के दो नेताओं को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराना अपराध नहीं है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को जेल भेजे जाने की कार्रवाई को सरकार की कायरता बताया।

‘अलग-अलग झंडे, लेकिन मकसद एक’

राहुल गांधी ने अपने संदेश में छात्र, युवा, पत्रकार और INDIA ब्लॉक का उल्लेख करते हुए कहा कि भले ही प्रदर्शन में अलग-अलग झंडे नजर आ रहे हों, लेकिन सभी का उद्देश्य एक है। उनके मुताबिक नागरिक अपने संवैधानिक अधिकारों की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर देश की जनता का है और इसे वापस हासिल करने की बात कही।

CJP नेताओं को पांच दिन की न्यायिक हिरासत

रिपोर्ट के अनुसार, जंतर-मंतर को आधिकारिक प्रदर्शन स्थल से हटाए जाने के बावजूद CJP के सह-संयोजक आशुतोष रंका और सौरव दास वहां पहुंचे और तिरंगा फहराया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया। विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट की अदालत ने दोनों को पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

विपक्षी आंदोलन में बढ़ सकती है सक्रियता

राहुल गांधी के बयान को विपक्षी आंदोलन के लिहाज से अहम माना जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को हुई विपक्षी नेताओं की बैठक में भी प्रदर्शन को लेकर चर्चा हुई। वहीं, CJP और INDIA ब्लॉक से जुड़े कार्यकर्ताओं ने 15 अक्टूबर को प्रस्तावित सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के दौरान आंदोलन को आगे बढ़ाने की बात कही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *