पटना में प्रेम-प्रसंग का खौफनाक अंजाम! एक युवती ने दूसरी की नाक दांत से काटी, कटा हिस्सा लेकर अस्पताल दौड़े परिजन

पटना। राजधानी पटना में प्रेम-प्रसंग को लेकर दो युवतियों के बीच विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया। गर्दनीबाग महिला थाना के सामने हुए इस घटनाक्रम में एक युवती ने कथित तौर पर दूसरी युवती की नाक पर दांत से काट लिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए AIIMS रेफर किया गया।

एक युवक और दो युवतियों के बीच विवाद

बताया जा रहा है कि विवाद एक युवक को लेकर दोनों युवतियों के बीच शुरू हुआ। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान एक युवती ने दूसरी की नाक पर हमला कर दिया।

सड़क पर गिरा नाक का कटा हिस्सा

घटना के बाद घायल युवती की हालत देखकर मौके पर अफरातफरी मच गई। परिजनों ने सड़क से नाक का कटा हुआ हिस्सा उठाया और उसे लेकर घायल युवती के साथ अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए AIIMS रेफर कर दिया।

युवक पर शादी का झांसा देने का आरोप

विवाद के पीछे प्रेम-प्रसंग से जुड़ा मामला बताया जा रहा है। घायल पक्ष की ओर से युवक पर शादी का झांसा देने और करीब दो लाख रुपये लेने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

महिला थाना पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलने के बाद महिला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। लिखित शिकायत मिलने और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

TWM News Bihar | पटना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *