नोट डबलिंग के नाम पर ठगी का खेल! दिल्ली से मुंगेर पहुंचे तीन युवक गिरफ्तार, एक लाख के जाली नोट बरामद
मुंगेर। बिहार के मुंगेर में रुपये दोगुना करने का लालच देकर लोगों को ठगने की कोशिश कर रहे तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों दिल्ली से ट्रेन के जरिए मुंगेर पहुंचे थे। पुलिस ने उनके पास से 500-500 रुपये के जाली नोट, मोबाइल फोन और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए युवकों में एक नाबालिग भी शामिल है, जिसे पुलिस ने निरुद्ध किया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
कोतवाली थाना पुलिस को 30 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक मुंगेर बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में घूमकर लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार, एक नंबर ट्रैफिक चौक के पास संदिग्ध युवकों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
अखबार में छिपाकर रखे थे जाली नोट
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से अखबार में छिपाकर रखी गई 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक, कुल एक लाख रुपये के जाली नोट जब्त किए गए। इसके अलावा कई मोबाइल फोन और अन्य सामान भी बरामद हुआ।
आरोपियों की पहचान मोहम्मद तबरेज (19), मोहम्मद चांद (26) और एक नाबालिग के रूप में हुई है। तीनों दिल्ली के रहने वाले बताए गए हैं।
सस्ते सामान का लालच देकर बनाते थे शिकार
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों को सस्ते सामान या दूसरे प्रलोभन देकर विश्वास में लेते थे और फिर ठगी करने की कोशिश करते थे। नोट डबलिंग का झांसा भी इसी ठगी के तरीके का हिस्सा बताया जा रहा है।
कोतवाली पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दो वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत निरुद्ध किया गया है।
गिरोह के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने मुंगेर या बिहार के दूसरे जिलों में पहले भी किसी को अपना शिकार बनाया है या नहीं। इनके मोबाइल फोन और संभावित आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस तरीके से ठगी करने वाले गिरोह के अन्य सदस्य भी सक्रिय हो सकते हैं।