पटना में विवादित जमीन की जांच करने पहुंचे दारोगा पर रॉटविलर का हमला, बाएं हाथ में काटा
जमीन मालिक पर कुत्ते से हमला कराने का आरोप, पीएमसीएच में कराया गया इलाज; आरोपी ने कहा- पैर पड़ने से कुत्ते ने काटा
पटना। राजधानी पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के उत्तरी मंदिरी में विवादित जमीन की जांच करने पहुंचे एक दारोगा पर पालतू रॉटविलर कुत्ते के हमले का मामला सामने आया है। कुत्ते ने दारोगा विकास कुमार सिंह के बाएं हाथ में काट लिया, जिससे वे घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया। मामले में जमीन मालिक संजय कुमार उर्फ पिंकू साव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कोर्ट के आदेश के बावजूद निर्माण की सूचना पर पहुंचे थे दारोगा
प्राथमिकी के अनुसार, 24 अक्टूबर को थानाध्यक्ष ने दारोगा विकास कुमार सिंह को नवीन सिन्हा पथ स्थित सुधा बूथ के पास एक विवादित जमीन पर निर्माण कार्य होने की सूचना दी थी। बताया गया कि अदालत ने इस जमीन पर निर्माण कार्य रोकने का आदेश दिया था। इसके बावजूद वहां निर्माण कराए जाने की शिकायत मिली थी।
सूचना पर दारोगा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनका आरोप है कि वहां मौजूद जमीन मालिक संजय कुमार उर्फ पिंकू साव ने अपने पालतू रॉटविलर को इशारा कर उन पर हमला करा दिया। इसके बाद कुत्ते ने उनके बाएं हाथ में काट लिया।
जमीन मालिक ने आरोपों को बताया गलत
दूसरी ओर, जमीन मालिक संजय कुमार उर्फ पिंकू साव ने दारोगा के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि दारोगा का पैर कुत्ते के पैर पर पड़ गया था, जिसके बाद कुत्ते ने उन्हें काट लिया। उन्होंने मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की बात कही है।
पुलिस के अनुसार, घटना को लेकर 25 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आरोपी की तलाश में पुलिस ने उसके घर पर भी छापेमारी की, लेकिन वह नहीं मिला। मामले की जांच जारी है।