खगड़िया में बेखौफ अपराधियों ने प्लाई कारोबारी पिता-पुत्र को मारी गोली, शहर में मचा हड़कंप

दुकान बंद कर घर लौट रहे थे सज्जन खेतान और कन्हैया खेतान, बाइक सवार दो बदमाशों ने बनाया निशाना; गंभीर हालत में बेगूसराय रेफर

खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले में मंगलवार की देर शाम अपराधियों ने एक प्लाईवुड कारोबारी और उनके बेटे को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना नगर थाना क्षेत्र के पुरानी एसडीओ रोड स्थित प्लाई मिल गली की है। घायल पिता-पुत्र की पहचान 60 वर्षीय सज्जन खेतान और उनके 30 वर्षीय बेटे कन्हैया खेतान के रूप में हुई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर किया गया।

दुकान बंद कर घर लौटते समय हमला

जानकारी के अनुसार, सज्जन खेतान अपने बेटे के साथ एसडीओ रोड स्थित प्लाई की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार दो अपराधियों ने उन पर गोलीबारी कर दी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि सज्जन खेतान की पीठ में गोली लगी है, जबकि उनके बेटे कन्हैया के हाथ में गोली लगी। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

एसपी ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राजेश वर्मा सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की जानकारी ली। उन्होंने मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस के मुताबिक, घायलों के शरीर में गोली फंसी होने की जानकारी मिली थी। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

घटना के बाद कारोबारियों में आक्रोश

शहर के व्यस्त कारोबारी इलाके में पिता-पुत्र पर गोलीबारी की खबर फैलते ही व्यापारियों में चिंता और आक्रोश फैल गया। घटना के बाद आसपास की कई दुकानों को बंद कर दिया गया। सदर विधायक बबलू मंडल ने भी घायल परिवार से मुलाकात कर कार्रवाई का भरोसा दिया। नगर सभापति अर्चना कुमारी ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

हमले की वजह अब तक स्पष्ट नहीं

फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी महत्वपूर्ण हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *