पटना
विजयादशमी के अवसर पर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक जुटे, जो जय श्रीराम के नारों से मैदान को गूंजायमान कर रहे थे।

मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उपस्थित थे, जिन्होंने भगवान श्रीराम का तिलक कर आरती उतारी और भगवान राम को बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक बनाते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की।
कार्यक्रम में राम-रावण के बीच हुए महायुद्ध का मंचन किया गया, जहां श्रीराम ने सबसे पहले कुंभकर्ण का अंत किया, उसके बाद मेघनाद के पुतले को आग के हवाले किया गया। अंततः श्रीराम के धनुष से निकले तीर ने रावण के विशाल पुतले को जलाकर बुराई का अंत किया। रावण धू-धू कर जलता रहा और मैदान में उपस्थित सभी ने “जय श्रीराम” के उद्घोष से वातावरण को भक्तिमय कर दिया।
इस अवसर पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री के अलावा दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक नंदकिशोर यादव समेत कई विशिष्ट नेता एवं दशहरा कमेटी के सदस्य मौजूद रहे। पटना के इस ऐतिहासिक आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिससे दशहरा की धूम और बढ़ गई।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह त्योहार हमें बुराई के खिलाफ लड़ने और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।