पटना

बिहार के प्रसिद्ध शिक्षाविद् खान सर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद उनके कार्यशैली की जमकर सराहना की। खान सर ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कार्यक्षमता 5 आईएएस अधिकारियों के बराबर है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की टेबल पर कोई भी फाइल लंबित नहीं रहती है, और ये बात उन लोगों के लिए एक करारा जवाब है जो उम्र को लेकर उनकी क्षमता पर सवाल खड़े करते हैं।

खान सर सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे छात्रों की समस्याओं पर चर्चा करने मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे। छात्रों की जरूरतों को सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से ये मुलाकात की गई थी। मुलाकात के बाद जब उनसे राजनीति में कदम रखने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने साफ कहा, “राजनीति में शिक्षित लोगों को आना चाहिए, परंतु मेरे पास अभी इसके लिए समय नहीं है। अगर मैं राजनीति में गया तो बच्चों को कौन पढ़ाएगा?”

खान सर ने राजनीति में रुचि से जुड़े सवालों पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि हर बार किसी राजनेता से मिलने पर उनसे यही सवाल किया जाता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “अगर मैं सचिन तेंदुलकर से मिलता हूँ तो कोई नहीं पूछेगा कि क्या क्रिकेट खेलने जा रहे हैं, और अगर किसी फिल्म स्टार से मिलूं तो ये नहीं पूछा जाएगा कि क्या बॉलीवुड में आ रहे हैं। लेकिन जब मैं किसी राजनेता से मिलता हूँ, तब यही सवाल उठता है कि राजनीति में कब आ रहे हैं।”

खान सर ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल छात्रों की समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाना था ताकि सरकार उनकी समस्याओं का समाधान कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *