मधुबनी
हरलाखी प्रखंड के तकिया टोल स्थित प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को गांववालों ने एक चौंकाने वाली घटना का खुलासा किया। ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक आशुतोष कुमार को विद्यालय की रसोइया के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा, जिसके बाद पूरे इलाके में जमकर हंगामा हुआ।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, प्रधानाध्यापक का रसोइया के साथ अवैध संबंध तीन सालों से चल रहा था। मामले की भनक लगते ही आशुतोष कुमार की पत्नी, जो राढ़ गांव की निवासी हैं, तकिया टोल पहुंच गईं और कुछ ग्रामीणों की मदद से अपने पति को रसोइया के साथ रंगेहाथों पकड़ लिया।
इस घटना के बाद प्रधानाध्यापक की पत्नी का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार समझाने पर भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और लगातार संबंध बनाए रखा। प्रधानाध्यापक की पत्नी ने यह दावा किया कि रसोइया से उनके पति का अवैध संबंध पिछले तीन वर्षों से जारी था।
घटनास्थल पर तनाव बढ़ते देख खिरहर थाना की पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने बताया कि प्रधानाध्यापक ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया है और इसे एक साजिश करार दिया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पक्षों से पूछताछ की जाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में खासी हलचल है, वहीं स्कूल प्रशासन ने मामले पर अपनी कोई टिप्पणी नहीं दी है।