खिलाड़ियों के संघर्ष और मेहनत का फल, हरिमोहन सिंह ने किया हौसला अफजाई
बिहार स्टेट स्पोर्ट्स अथॉरिटी एवं राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा आयोजित जूनियर खो-खो चैंपियनशिप 2024-25 में मुंगेर की महिला खो-खो टीम ने पहली बार सेमीफाइनल में प्रवेश कर जिले का मान बढ़ाया है। अंडर-17 बालिका वर्ग में मुंगेर टीम ने कड़ी टक्कर देते हुए सिवान को चार अंकों से हराकर यह सफलता हासिल की है।
इस मौके पर मुंगेर जिला खो-खो संघ के सचिव और मुख्यमंत्री अवॉर्डी हरिमोहन सिंह ने खुशी जताते हुए बताया कि मुंगेर में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उनके नेतृत्व में अब तक जिले के चार दर्जन से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मुंगेर का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि मुंगेर की महिला खो-खो टीम की यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम और समर्पण का परिणाम है।
टीम प्रबंधन में लापरवाही पर नाराजगी
हरिमोहन सिंह ने खुलासा किया कि इस प्रतियोगिता में मुंगेर से 12 खिलाड़ियों की टीम भेजी जानी थी, लेकिन जिला खेल कार्यालय के लापरवाही के कारण केवल 10 खिलाड़ी ही भाग ले सकीं। उन्होंने इस मामले में जिला खेल पदाधिकारी से उचित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि प्रशासन को ऐसे स्पोर्ट्स टीचर्स पर लगाम कसनी चाहिए, जो खिलाड़ियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
खेल प्राधिकरण और जनप्रतिनिधियों ने व्यक्त की प्रसन्नता
सेमीफाइनल में टीम की सफलता पर मुंगेर जिला खेल पदाधिकारी अभिषेक कुमार, जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन के संस्थापक हरिमोहन सिंह, आपदा विभाग के मनीष कुमार, जिला खेल कार्यालय के सुमित कुमार और एसजीएफआई के संयोजक आशीष किशोर समेत अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने टीम को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की लगन और टीम के कोच अमन कुमार के प्रशिक्षण की सराहना करते हुए भविष्य में और भी ऊँचाइयों पर पहुँचने की शुभकामनाएं दीं।
मुंगेर की खो-खो टीम की बढ़ती पहचान
बिहार में खो-खो खेल में मुंगेर जिले की अलग पहचान है। शिवानी, स्वाति, अन्नू प्रिया, राखी, मुस्कान, लक्ष्मी, साधना, आरती, निकिता और खुशी जैसी खिलाड़ी न केवल अपने जिले बल्कि राज्य का नाम रोशन कर रही हैं।