पटना

सेंट जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा 26 अक्टूबर को एक विशेष इंटरएक्टिव सत्र का आयोजन किया गया, जिसका विषय था “बिजनेस आइडियाज का चयन और परिष्करण।” इस सत्र को कॉलेज के स्टार्टअप सेल के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों को उद्यमिता के क्षेत्र में गहरी जानकारी और प्रेरणा प्रदान की गई।

इस सत्र के मुख्य वक्ता पावनी फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. आलोक कुमार थे, जिन्होंने अपनी यात्रा को साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने बिहार में अपने स्टार्टअप की नींव रखी और उसे आगे बढ़ाया। डॉ. आलोक ने छात्रों के सामने अपने अनुभवों का उल्लेख करते हुए जोर दिया कि एक सशक्त बिजनेस आइडिया को साकार करने के लिए शोध, योजना और निरंतर सुधार अनिवार्य हैं। उन्होंने बताया कि एक सफल स्टार्टअप केवल विचार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज पर उसके सकारात्मक प्रभाव की भी आवश्यकता होती है।

डॉ. आलोक ने बिहार में स्टार्टअप्स के लिए मौजूद अवसरों और राज्य सरकार द्वारा प्रदत्त सहयोग का जिक्र करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने पोस्ट-सीड ग्रांट के माध्यम से अपने स्टार्टअप को आर्थिक मजबूती दी। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे अपने विचारों को तकनीकी रूप से मजबूत बनाते हुए उस पर स्थायित्व सुनिश्चित करें और उनके स्टार्टअप का प्रभाव समाज के हित में हो।

इस कार्यक्रम में कॉलेज की डीन ऑफ एकेडमिक्स डॉ. निहारिका कुमारी, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. बी.एन. चौधरी, डॉ. कल्पना कुमारी और स्टार्टअप सेल के कोऑर्डिनेटर विकास सिंह सहित अन्य विशिष्ट अतिथि भी मौजूद रहे। सत्र का संचालन जया ने किया और धन्यवाद ज्ञापन सुहानी ने प्रस्तुत किया।

यह सत्र उन छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना जो व्यवसायिक क्षेत्र में कदम रखना चाहते हैं और बिहार के स्टार्टअप इकोसिस्टम का हिस्सा बनना चाहते हैं।

 

रिपोर्ट: निहाल देव दत्ता

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *