मुंगेर
समाजवादी पार्टी ने जिले में व्याप्त जन समस्याओं को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। रविवार को जिला मुख्यालय के शहीद स्मारक भवन में आयोजित बैठक में सपा जिला अध्यक्ष पप्पू यादव की अध्यक्षता में विभिन्न जन मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में दिवंगत सपा नेता कृष्णा आजाद को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनकी कर्मठता को याद किया गया। इस अवसर पर निर्णय लिया गया कि छठ पूजा के बाद कासिम बाजार थाने का घेराव किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए सपा जिला अध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा, “भाजपा-जदयू की सरकार में आमजन ठगा महसूस कर रहा है। कमजोर और असहाय जनता का पुलिस एवं प्रशासन के हाथों उत्पीड़न हो रहा है। सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार चरम पर है, और अधिकारी जन समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि सपा जनता के हक की लड़ाई तेज करेगी और किसी भी स्थिति में पीछे नहीं हटेगी।
बैठक में उपस्थित समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रदेश महासचिव रविकांत झा ने कहा, “सरकार के नुमाइंदे त्रिशूल यात्रा में व्यस्त हैं जबकि आमजन शोषण का शिकार हो रहे हैं। हम जनहित में इस अन्याय के खिलाफ खड़े होंगे और जरूरत पड़ी तो जान की बाजी लगा देंगे।”
पार्टी के प्रधान महासचिव मनोज कुमार मधुकर ने कहा कि “जिले में भ्रष्टाचार चरम पर है। नगर निगम और नगर परिषद में घोटाले आम बात हो गई है, और बिजली की अनियमित आपूर्ति से लोग त्रस्त हैं।” उन्होंने नीतीश सरकार पर आरोप लगाया कि वे जन समस्याओं से मुंह मोड़ रहे हैं और जनता के हित की अनदेखी कर रहे हैं।
बैठक में महिला सभा अध्यक्ष रंजना अराफात, महासचिव अशोक भारत, मीडिया प्रभारी मनोज क्रांति, गोपाल वर्मा सहित अन्य प्रमुख नेताओं ने भी जन समस्याओं को लेकर आंदोलन का समर्थन किया।
बैठक के अंत में दिवंगत नेता कृष्णा आजाद की याद में दो मिनट का मौन रखा गया और उनके योगदान को सम्मानित किया गया।