पटना
दिवंगत राजद नेता और पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब ने राजनीति में कदम रखने का मन बना लिया है। शनिवार को ओसामा शहाब पटना स्थित राबड़ी आवास पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से हुई। इस मुलाकात के बाद यह चर्चा जोरों पर है कि ओसामा अब आरजेडी की सदस्यता ग्रहण करने की तैयारी में हैं।
सूत्रों के मुताबिक, ओसामा शहाब का रविवार को राजद में आधिकारिक प्रवेश होने की संभावना है। 27 अक्टूबर को लालू और तेजस्वी की उपस्थिति में ओसामा को पार्टी में शामिल किए जाने का कार्यक्रम रखा गया है। इस दौरान वे प्रतीक रूप में लालटेन थामकर राजद में अपने राजनीतिक सफर का आगाज करेंगे।
गौरतलब है कि ओसामा के पिता शहाबुद्दीन का सीवान और राज्य की राजनीति में गहरा प्रभाव रहा है। इसी कारण ओसामा का राजद में प्रवेश कई राजनीतिक समीकरणों को नया रूप दे सकता है। इससे पहले, लोकसभा चुनाव के दौरान राजद ने उनकी मां हिना शहाब को सीवान से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया था, जिसे उन्होंने अस्वीकार कर निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया था। लेकिन अब परिवार की अगली पीढ़ी, ओसामा, राजद के साथ सियासी मंच पर कदम बढ़ाने जा रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ओसामा का राजद से जुड़ना पार्टी को सीवान में मजबूती दे सकता है, खासकर आगामी चुनावों में। रविवार को तेजस्वी यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओसामा शहाब के राजद में शामिल होने की औपचारिक घोषणा की जाएगी।