बड़हरवा
केंद्र सरकार के “विशेष अभियान 4.0” के तहत मालदा मंडल के बड़हरवा स्टेशन पर स्वच्छता जागरूकता को लेकर “रेल चौपाल” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्टेशन प्रबंधक, रेलवे कर्मी और सफाईकर्मियों ने यात्रियों के साथ मिलकर स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़े अहम पहलुओं पर चर्चा की।
रेल चौपाल में उपस्थित यात्रियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए स्टेशन और ट्रेनों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस संवाद के दौरान यात्रियों ने नियमित सफाई और जागरूकता अभियानों की आवश्यकता पर बल दिया, जिससे रेल परिसर और ट्रेनों में स्वच्छता के स्तर को और बेहतर किया जा सके।

मालदा मंडल के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य यात्रियों में स्वच्छता, स्वास्थ्य, और सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना है। अधिकारियों ने कहा कि “विशेष अभियान 4.0” के अंतर्गत इस तरह की चौपालें मालदा मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी आयोजित की जाएंगी, ताकि स्वच्छता को एक संस्कार के रूप में विकसित किया जा सके।

रेल प्रशासन ने कहलगांव, नाथनगर और बांका स्टेशन पर भी सफाई के विशेष अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों के साथ संवाद बढ़ाने और उन्हें स्वच्छता में भागीदार बनाने का प्रयास जारी रहेगा, जिससे सभी यात्रियों को एक साफ-सुथरे और सुरक्षित वातावरण में यात्रा का अनुभव मिल सके।