मोदी ने पटना एम्स में 35.91 करोड़ की 4 नई योजनाओं का किया उद्घाटन

पटना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को धनतेरस और 9वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर देश के 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए ‘आयुष्मान वय वंदन कार्ड’ योजना की शुरुआत की। इस योजना के तहत बुजुर्गों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज प्रदान किया जाएगा, जिससे देशभर में करीब 6 करोड़ बुजुर्गों को लाभ पहुंचेगा।

प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर पटना एम्स को भी बड़ी सौगात दी और 35.91 करोड़ की लागत से 4 नई योजनाओं का शुभारंभ किया। इन योजनाओं में ड्रोन सेवा, किडनी प्रत्यारोपण इकाई, नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) और उच्च ऊर्जा रैखिक त्वरक की सुविधा शामिल हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने भी वर्चुअल माध्यम से भाग लिया और इस ऐतिहासिक कदम की सराहना की। केंद्रीय आयुष मंत्री प्रताव राव जादव ने इसे भारतीय स्वास्थ्य सेवाओं में मील का पत्थर बताया।

बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने भी इस कार्यक्रम में जुड़कर इसे राज्य के लिए ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा, “यह केंद्र और राज्य सरकार के आपसी सहयोग का परिणाम है कि बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एम्स पटना के विस्तार के लिए 27 एकड़ भूमि आवंटित करने की योजना बनाई है, जो अगले दो वर्षों में पूरी हो जाएगी।”

इस कार्यक्रम के दौरान पटना एम्स के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख और विधायक गोपाल रविदास सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *