गया, बोधगया

बिहार के राजगीर में 10 से 20 नवंबर तक होने वाले एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम आज गया पहुंच रही है। आयोजन के लिए बिहार सरकार ने बिहार की संस्कृति की झलक को प्रदर्शित करते हुए सभी टीमों के स्वागत की विशेष तैयारियां की हैं।

आज पहुंचेगी भारतीय महिला हॉकी टीम
भारतीय महिला हॉकी टीम आज शाम 4:20 बजे गया एयरपोर्ट पर पहुंचेगी, जहां पारंपरिक ढंग से उनका भव्य स्वागत होगा। प्रदेशवासियों ने इस अवसर को “हॉकी का पर्व, बिहार का गर्व” के रूप में मनाने की तैयारी की है। एयरपोर्ट से लेकर बोधगया तक स्वागत के लिए कई स्थानों पर भव्य द्वार बनाए गए हैं, जहां किलकारी संस्था के बच्चों द्वारा पारंपरिक तरीके से अतिथियों का स्वागत किया जाएगा।

मिथिला शॉल से होगा अभिनंदन, झलकेगी बिहारी संस्कृति
टीमों का स्वागत मिथिला पेंटिंग की शॉल ओढ़ाकर किया जाएगा। परंपरागत बिहार की सजीव झलक टीमों को हर कदम पर महसूस होगी। सभी खिलाड़ियों के ठहरने और खानपान की व्यवस्था उनके देश की परंपराओं के अनुरूप की गई है।

एशिया की 6 टीमें लेंगी भाग, खास तैयारियां
चैंपियनशिप में भारत के साथ मलेशिया, दक्षिण कोरिया, जापान, थाईलैंड और चीन की टीमें भाग लेंगी। गया और बोधगया में सभी खिलाड़ियों के लिए विशेष ठहराव और खानपान की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने बताया कि सभी टीमों के ठहरने के स्थान पर उनके देश की सांस्कृतिक झलक मिलेगी। साथ ही, भोजन में उनकी पारंपरिक डिशेस भी शामिल की जाएंगी।

बिहार के लिए ऐतिहासिक मौका
यह चैंपियनशिप न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का अवसर है। बिहार में पहली बार एशियन महिला हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है, जिससे बिहार की सांस्कृतिक समृद्धि और मेहमाननवाजी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *