पटना
छठ महापर्व के दौरान पटना के गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को और सशक्त बनाने के लिए स्मार्ट सिटी योजना के तहत 124 हाई-टेक कैमरों का इंतजाम किया गया है। इन कैमरों से 24 गंगा घाटों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
स्मार्ट सिटी कमांड सेंटर से हर गतिविधि पर नजर
पटना स्मार्ट सिटी के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में तैनात अधिकारी घाटों पर होने वाली हर गतिविधि पर चौबीसों घंटे नजर रखेंगे। पीटीजेड (पैन-टिल्ट-ज़ूम) और फिक्स्ड कैमरों की मदद से सुरक्षा घेरों का उल्लंघन करने वालों को तुरंत रोका जाएगा। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही घाट पर तैनात सुरक्षा बल सतर्क होकर कार्रवाई करेंगे।
इन प्रमुख घाटों पर लगे कैमरे
पटना के जिन प्रमुख गंगा घाटों पर कैमरे लगाए गए हैं, उनमें कलेक्ट्रेट घाट, महेन्द्रू घाट, काली घाट, बांस घाट, पटना कॉलेज घाट, कंगन घाट, मीनार घर, नोजर कटरा, पटिपुल घाट, जेपी सेतु घाट आदि शामिल हैं। इन सभी घाटों पर कैमरों की मदद से हर गतिविधि को रिकॉर्ड किया जाएगा ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो।
एनआईटी घाट पर अस्थायी कंट्रोल रूम की स्थापना
छठ महापर्व पर उमड़ने वाली भीड़ और सुरक्षा के मद्देनजर एनआईटी घाट पर अस्थायी कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। यहां जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी तैनात रहेंगे जो घाटों पर होने वाली हर घटना की जानकारी तुरंत प्राप्त कर प्रतिक्रिया देंगे।
पब्लिक एड्रेस सिस्टम से सुरक्षा और स्वच्छता का संदेश
स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहरभर में 69 पब्लिक एड्रेस सिस्टम (पीए सिस्टम) लगाए गए हैं, जिनमें से 16 गंगा घाटों पर स्थापित हैं। इन सिस्टम्स के माध्यम से लगातार जिंगल्स और घोषणाएं की जा रही हैं, जिनमें लोगों को स्वच्छता, सुरक्षा और सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान
जिला प्रशासन और स्मार्ट सिटी की टीम ने सुनिश्चित किया है कि इस महापर्व के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो। उच्च तकनीक के कैमरों और अस्थायी कंट्रोल रूम की स्थापना से इस बार छठ महापर्व की सुरक्षा को और अधिक पुख्ता किया गया है।