गया
बिहार विधानसभा के बेलागंज उपचुनाव में जनता का उत्साह चरम पर दिखा जब चाकंद प्रखंड के बाऊली मैदान में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने विशाल जनसभा को संबोधित किया। राजद प्रत्याशी विश्वनाथ कुमार सिंह के समर्थन में आयोजित इस सभा में हजारों की संख्या में जनता और राजद के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में जनता से आह्वान किया कि 2025 के विधानसभा चुनाव में राजद की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाने के लिए एकजुट हों और विपक्ष के किसी भी बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा, “यह उपचुनाव नहीं, बल्कि 2025 के लिए सेमीफाइनल है। हम एकजुट होकर दवाई, पढ़ाई और सिंचाई के मुद्दों पर केंद्रित सरकार लाना चाहते हैं।” साथ ही तेजस्वी ने राजद समर्थित प्रत्याशी विश्वनाथ कुमार सिंह को भारी बहुमत से जिताने की अपील की।
सभा की अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष मो. मुर्शीद आलम (निजाम भाई) ने की, जबकि संचालन प्रधान महासचिव जुगनू यादव ने किया। इस मौके पर जहानाबाद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फातमी, राज्यसभा सांसद संजय यादव, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, रफीगंज विधायक निहाल कुमार, बोधगया विधायक कुमार सर्वजीत, गुरुआ विधायक विनय यादव, पूर्व विधायक शिववचन यादव सहित कई महत्वपूर्ण राजद नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
इस सभा में युवाओं और महिलाओं का जोश देखने लायक था। सभा में वक्ताओं ने वर्तमान सरकार की आलोचना करते हुए विकास और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर जनता का ध्यान केंद्रित करने की कोशिश की।