JDU प्रत्याशी मनोरमा देवी के समर्थन में की अपील
गया। बेलागंज विधानसभा उपचुनाव में एनडीए ने अपनी ताकत झोंकते हुए जनता का समर्थन जुटाने की कोशिशें तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गया जिले के बेलागंज पड़ाव मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का स्वागत फूल-मालाओं से हुआ, और हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों ने उनकी बातें ध्यानपूर्वक सुनीं। अपने संबोधन में नीतीश कुमार ने वर्ष 2005 से अब तक बिहार में किए गए विकास कार्यों की विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा, “जब हम सरकार में आए थे, उस समय शाम के बाद लोग घर से निकलने में डरते थे। हमने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया और विकास की राह पर राज्य को अग्रसर किया।” नीतीश ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार के क्षेत्र में हुए सुधारों को गिनाते हुए बताया कि किस तरह उनकी सरकार ने बिहार की छवि को बदलने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि आज बच्चे स्कूल जाते हैं, छात्रवृत्ति पाते हैं, अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था हुई है और महिलाओं को सरकारी नौकरियों में आरक्षण दिया गया है। नीतीश ने आगे कहा, “हमने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का कार्य किया, जहां पहले समाज में फूट डालने का प्रयास होता था। हमने कब्रिस्तान की घेराबंदी की, ताकि सभी को समान सम्मान मिल सके।”
मुख्यमंत्री ने जनता से अपील करते हुए कहा कि जेडीयू प्रत्याशी मनोरमा देवी को भारी बहुमत से विजयी बनाएं ताकि विकास कार्यों को लगातार गति मिल सके। सभा में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री अशोक चौधरी, महेश्वर हजारी, जमा खान, कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, सांसद लवली आनंद, विधायक चेतन आनंद समेत जेडीयू के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
एनडीए ने इस सभा के माध्यम से जनता को यह संदेश देने की कोशिश की कि आने वाला बिहार सुरक्षित, विकसित और समरसता पूर्ण रहेगा, अगर एनडीए की सरकार को समर्थन मिला।