तेज प्रताप यादव के ‘ठुमका’ आदेश पर सियासी घमासान, विपक्ष ने साधा निशाना
पटना, 15 मार्च। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। होली के अवसर पर पटना स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित समारोह के दौरान उनका एक वीडियो वायरल हो गया, जिसमें वे वर्दीधारी पुलिसकर्मी को डांस करने का आदेश देते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आते ही बिहार की राजनीति गरमा गई है, और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) व जनता दल (यूनाइटेड) [जदयू] ने इस घटना को लेकर कड़ा विरोध जताया है।
वायरल वीडियो ने मचाया बवाल
सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित इस वीडियो में तेज प्रताप यादव मंच पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। वे एक पुलिसकर्मी को संबोधित करते हुए कहते हैं, “अरे दीपक, मैं गाना बजाऊंगा और तुम्हें डांस करना होगा। बुरा मत मानो, होली है। अगर आज नहीं नाचे तो सस्पेंड हो जाओगे।”
हालांकि, यह बयान मजाकिया लहजे में दिया गया प्रतीत होता है, लेकिन विपक्षी दलों ने इसे कानून व्यवस्था के अपमान के रूप में देखा है और राजद पर निशाना साधा है।
भाजपा-जदयू ने बताया ‘जंगल राज की वापसी’
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इस वीडियो को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तेज प्रताप यादव की तुलना उनके पिता, पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव से करते हुए कहा, “जैसा पिता, वैसा पुत्र। पहले पिता ने कानून को अपने इशारों पर नचाया और बिहार को जंगल राज में धकेल दिया। अब बेटा, सत्ता में न रहते हुए भी, पुलिस को धमकाकर नचाने की कोशिश कर रहा है। अगर राजद दोबारा सत्ता में आई तो यह बस एक झलक भर है।”
वहीं, जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने भी तेज प्रताप यादव की आलोचना करते हुए कहा, “बिहार अब बदल चुका है। ‘जंगल राज’ खत्म हो चुका है, लेकिन लालू यादव के युवराज अब भी पुरानी मानसिकता में जी रहे हैं। एक वर्दीधारी पुलिसकर्मी को नाचने के लिए धमकाना यह दर्शाता है कि उन्हें आज के बिहार की राजनीति की समझ नहीं है। जनता अब ऐसे व्यवहार को स्वीकार नहीं करेगी।”
चुनाव से पहले सियासी पारा चढ़ा
बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं, और चुनावी माहौल पहले से ही गरमा गया है। चुनाव आयोग द्वारा अभी तक आधिकारिक तारीखों की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन इस घटना ने सत्ताधारी दलों और विपक्ष के बीच राजनीतिक संघर्ष को और तेज कर दिया है।
#TejPratapYadav #BiharPolitics #RJD #BJP #JDU #BiharAssemblyElection #JungleRaj