नीतीश कुमार के बेटे निशांत की सियासी सक्रियता बढ़ी,
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री को लेकर अटकलों का दौर जारी है। लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन से दूर रहने वाले निशांत अब लगातार चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में जदयू की ओर से भी संकेत दिए गए थे कि जब मुख्यमंत्री और उनका परिवार निर्णय लेगा, तब निशांत की औपचारिक सियासी पारी शुरू हो सकती है।
होली के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में निशांत कुमार अलग ही अंदाज में नजर आए। वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी मंत्री विजय चौधरी और जदयू के वरिष्ठ नेता संजय झा के साथ दिखे। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात की, उन्हें गुलाल लगाया और होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान निशांत का आत्मविश्वास और कार्यकर्ताओं संग उनका संवाद एक परिपक्व राजनेता की झलक दे रहा था। राजनीतिक गलियारों में इसे निशांत की संभावित एंट्री की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। जदयू के कई वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि अगर निशांत राजनीति में आते हैं, तो यह पार्टी के लिए एक नई दिशा तय कर सकता है।
बहरहाल, निशांत कुमार की बढ़ती सक्रियता और पार्टी नेताओं के साथ उनकी नजदीकियां सियासी अटकलों को और बल दे रही हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जदयू नेतृत्व कब और कैसे इस पर कोई औपचारिक घोषणा करता है।