जननेता को याद कर कहा – सिद्धांतों पर अडिग रहने वाले विरले नेता थे

मुंगेर। समाजवादी नेता और पूर्व मंत्री रामदेव सिंह यादव की तीसरी पुण्यतिथि सोमवार को सीपीआई कार्यालय में सर्वदलीय संघर्ष समिति के तत्वाधान में आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जन सुराज के जिला संरक्षक दिनेश कुमार सिंह ने की, जहां विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के नेताओं ने स्व. यादव के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

सत्ता को ठोकर मारने वाले नेता थे रामदेव:
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि रामदेव सिंह यादव मुंगेर की मिट्टी के ऐसे सपूत थे, जिन्होंने सम्मान और स्वाभिमान के लिए सत्ता को भी ठुकराने का साहस दिखाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में सिद्धांतों पर अडिग रहने वाले ऐसे नेता मिलना दुर्लभ है।

किसानों के ऋण माफ कर बनाई अलग पहचान:
सपा के जिला अध्यक्ष और कार्यक्रम के संयोजक पप्पू यादव ने कहा कि जब रामदेव सिंह यादव को सहकारिता मंत्री का दायित्व मिला था, तब उन्होंने किसानों के दस हजार रुपये तक का ऋण माफ कर उन्हें राहत देने का साहसिक निर्णय लिया। हालांकि, इसका उन्हें राजनीतिक रूप से खामियाजा भी भुगतना पड़ा, लेकिन उन्होंने जनहित से कभी समझौता नहीं किया।

मुंगेर की राजनीति को नई दिशा दी:
सीपीआई के वरिष्ठ नेता दिलीप कुमार ने कहा कि रामदेव सिंह यादव सिद्धांतों के लिए सत्ता को ठुकराने वाले नेता थे। उनके कार्यकाल में शासन-प्रशासन उनकी आवाज से कांप उठता था। उनके संघर्ष ने मुंगेर की राजनीति को एक नई दिशा दी।

नेताओं ने याद किया जननायक को:
सीपीआई जिला सचिव संजीवन सिंह, भाजपा नेता मनोज कुमार, लोहिया वाहिनी के प्रदेश महासचिव रविकांत झा, सपा महासचिव मिथिलेश यादव और एनसीपी के जिला सचिव दीपक साहू ने भी अपने विचार रखे। सभी ने रामदेव सिंह यादव को सच्चा समाजवादी और जननेता बताते हुए उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

नेताओं की उपस्थिति:
कार्यक्रम में सपा के जिला उपाध्यक्ष रामनाथ राय, मीडिया प्रभारी मनोज क्रांति, जाप नेता विपिन कुमार, गोपाल वर्मा, सत्यजीत पासवान, कालेश्वर महतो, विक्की तांती सहित कई लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *