छात्र संगठनों ने बुलाई बैठक
जमालपुर में सुगम कनेक्टिविटी वाले स्थान की मांग
मुंगेर। मुंगेर विश्वविद्यालय कैंपस के निर्माण को लेकर छात्रों, शिक्षाविदों और सामाजिक संगठनों ने आवाज बुलंद की है। निर्माण संघर्ष समिति के बैनर तले 19 मार्च, बुधवार को शाम 4 बजे धर्मशाला रोड स्थित श्री मारवाड़ी धर्मशाला में बैठक बुलाई गई है। बैठक में शहर के व्यवसायी, बुद्धिजीवी और छात्र संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
संघर्ष समिति का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने कैंपस निर्माण के लिए नौवागढ़ी क्षेत्र का चयन किया है, जो छात्रों के हित में नहीं है। समिति के अनुसार, नौवागढ़ी नगरीय क्षेत्र से काफी दूर है, बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में आता है और रेलवे स्टेशन से भी कोसों दूर है। साथ ही, इस इलाके का अपराध बेल्ट से पुराना नाता रहा है, जिससे छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है।

जमालपुर में कैंपस की मांग तेज
संघर्ष समिति ने मांग की है कि कैंपस का निर्माण जमालपुर रेलवे स्टेशन के निकट पश्चिम दिशा में प्रस्तावित स्थल केशोपुर मौजा में किया जाए। समिति का कहना है कि यह क्षेत्र सुगम कनेक्टिविटी के साथ आध्यात्मिक वातावरण से युक्त है, जिससे छात्रों को लाभ मिलेगा।
विद्यार्थियों के भविष्य का सवाल
समिति का मानना है कि यदि कैंपस का निर्माण नौवागढ़ी में हुआ, तो न केवल मुंगेर के विद्यार्थियों, बल्कि शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, खगड़िया जैसे आसपास के जिलों के छात्रों के भविष्य के साथ भी अन्याय होगा। इस मुद्दे पर संघर्ष समिति ने शहरवासियों से बैठक में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपना समर्थन देने की अपील की है।