आरजेडी विधायक का विवादित बयान
जेडीयू ने किया पलटवार, कहा- सीएम पर झूठे आरोप लगा रही विपक्ष
पटना। बिहार की राजनीति में इस बार आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र के बयान ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। विधायक ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि उनके खाने में कुछ मिलाया जा रहा है, जिससे उनका दिमाग खराब हो रहा है।
भाई वीरेंद्र ने कहा, “नीतीश कुमार के आसपास के लोग माल कमा रहे हैं और उन्हें कुछ-कुछ खिला रहे हैं। इसी वजह से मुख्यमंत्री कभी उल्टी-सीधी हरकतें करते हैं तो कभी अजीबोगरीब बयान देते हैं। उनके खाने की जांच होनी चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रगान का अपमान करने पर तीन साल की सजा का प्रावधान है और जब तक नीतीश माफी नहीं मांगते, तब तक सदन नहीं चलने दिया जाएगा।
जेडीयू का पलटवार – ‘सीएम पर झूठे आरोप’
आरजेडी विधायक के इस बयान पर जेडीयू ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मंत्री मदन सहनी ने कहा, “नीतीश कुमार के खाने में कुछ नहीं मिलाया जा रहा। यह विपक्ष की बनावटी बात है। आरजेडी चुनावी साल में जनता को भ्रमित करने के लिए झूठे आरोप लगा रही है।”
मदन सहनी ने तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बजट सत्र से तेजस्वी नदारद रहते हैं और जनता सब देख रही है। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार बिहार के लिए हर मायने में अच्छे हैं। उन्होंने राष्ट्रगान का कोई अपमान नहीं किया है, इसलिए माफी मांगने का सवाल ही नहीं उठता।”
चुनाव से पहले बढ़ी सियासी तकरार
बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप तेज कर दिए हैं। आरजेडी जहां नीतीश कुमार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है, वहीं जेडीयू हर आरोप का पुरजोर जवाब दे रही है।