नेशनल खो-खो चैंपियनशिप में मुंगेर के छह खिलाड़ियों का चयन,
जिले का नाम किया रोशन
बिहार टीम में शामिल होने पर विभिन्न संस्थाओं ने दी बधाई, हरिमोहन सिंह को मिला महिला टीम का कोच पद
मुंगेर।
खेल प्रतिभा के क्षेत्र में मुंगेर एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर चमका है। जिले के छह प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन उड़ीसा में 31 मार्च से 4 अप्रैल तक आयोजित होने जा रही 57वीं सीनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप में बिहार पुरुष एवं महिला टीम के लिए किया गया है। यह जानकारी मुंगेर जिला खो-खो संघ के सचिव और जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन के संस्थापक, मुख्यमंत्री अवॉर्डी व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हरिमोहन सिंह ने दी।
हरिमोहन सिंह ने बताया कि संग्रामपुर प्रखंड से रिया रानी, आकांक्षा कुमारी, और स्मृति कुमारी के साथ खड़गपुर की स्मिता कुमारी का चयन बिहार सीनियर महिला टीम में हुआ है। वहीं बरियारपुर से अमन कुमार एवं खड़गपुर से अमन कुमार को बिहार सीनियर पुरुष टीम में जगह मिली है। उन्होंने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।
हरिमोहन सिंह को महिला टीम का कोच नियुक्त किया गया है। वे पिछले कई वर्षों से मुंगेर के ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को निखारने का कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में अब तक पांच दर्जन से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर मुंगेर का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जबकि दर्जनों खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
मुंगेर के खिलाड़ियों को नेशनल टीम में शामिल किए जाने पर संत मैरी इंग्लिश स्कूल संग्रामपुर के प्रिंसिपल जिन्स के एलोशियस एवं डायरेक्टर रोज़मिन वर्गीज, जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष नीरज कुमार पप्पू, सचिव हरिमोहन सिंह, मुंगेर प्रशासन, योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, आर्ट, कल्चरल एंड यूथ स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया, फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (बिहार चैप्टर), पैरा लॉन बाउल्स एसोसिएशन ऑफ बिहार, बैटल डांस स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ बिहार, मुंगेर पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन सहित कई खेल संगठनों के पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं दी हैं।
मुंगेर में खो-खो खेल की बढ़ती लोकप्रियता और खिलाड़ियों की निरंतर उपलब्धि ने जिले को प्रदेश में एक अलग पहचान दिला दी है। आने वाले समय में यह उम्मीद की जा रही है कि मुंगेर के और भी खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता की नई इबारत लिखेंगे।