सुजीत सिन्हा बने इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन रामगढ़ इकाई के नए जिला अध्यक्ष
रामगढ़। संवाददाता
इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन (IJA) की रामगढ़ जिला इकाई को नया नेतृत्व मिल गया है। जिले के वरिष्ठ पत्रकार सुजीत सिन्हा को सर्वसम्मति से एसोसिएशन की रामगढ़ इकाई का जिला अध्यक्ष चुना गया। यह निर्णय सोमवार को गोला स्थित मां छिन्नमस्ता इंटर महाविद्यालय परिसर में आयोजित एक औपचारिक बैठक में लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता झारखंड प्रदेश अध्यक्ष देवानंद सिन्हा ने की, वहीं कार्यक्रम में प्रदेश सचिव विजय दत्त पिंटू और राष्ट्रीय सचिव महिला विंग मधु सिन्हा की गरिमामयी उपस्थिति रही। एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सेराज अहमद कुरैशी के निर्देश पर हुए इस चयन में सभी सदस्यों ने एक स्वर में सुजीत सिन्हा के नाम पर अपनी सहमति जताई।
इस अवसर पर सुजीत सिन्हा का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया और उन्हें बधाइयों का सिलसिला जारी रहा। राष्ट्रीय अध्यक्ष कुरैशी ने अपने संदेश में श्री सिन्हा को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे पत्रकारों के हितों की रक्षा में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन निष्पक्षता एवं समर्पण भाव से करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष देवानंद सिन्हा ने कहा कि सुजीत सिन्हा जैसे अनुभवशील पत्रकार का नेतृत्व संगठन को नई ऊर्जा देगा। वहीं, प्रदेश सचिव विजय दत्त पिंटू ने उन्हें लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों की समस्याओं के समाधान में अग्रणी भूमिका निभाने की सलाह दी। राष्ट्रीय सचिव महिला विंग मधु सिन्हा ने रामगढ़ इकाई को मजबूत बनाने के लिए सहयोग और समर्थन का भरोसा दिलाया।
मनोनयन के बाद अपने वक्तव्य में सुजीत सिन्हा ने संगठन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे पत्रकारों की समस्याओं को प्राथमिकता पर रखते हुए संगठन की नीतियों को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम में आशीष कुमार मिश्रा, मनोज कुमार झा, दिलीप करमाली, अशफाक अहमद, टेकलाल महतो, दानिश पटेल, संजीव कुमार सिन्हा, महरु रजवार, सुरेश शर्मा, परमेश्वर महतो सहित कई गणमान्य पत्रकार और सदस्य उपस्थित रहे।