पूर्व रेलवे की बड़ी पहल: मालदा मंडल में संरचना उन्नयन से ट्रेन संचालन और सुरक्षा को मिली नई मजबूती
मालदा। प्रतिनिधि
पूर्व रेलवे ने संरचना उन्नयन की दिशा में एक और अहम कदम उठाते हुए मालदा मंडल के विभिन्न खंडों में रेलवे ट्रैक और आधारभूत संरचना को आधुनिक रूप देने का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया। 10 एवं 11 मई को मंडल के अलग-अलग क्षेत्रों में पाँच सीमित ऊँचाई वाले सबवे (LHS) का कमीशनिंग कर रेलवे ने लेवल क्रॉसिंग प्वाइंट्स की निर्भरता को कम कर सुरक्षा के स्तर को और मजबूत कर दिया है।
धुलियान गंगा–निमतिता, भागलपुर–किऊल, तिलडंगा–बोनीडंगा, और मालदा टाउन–न्यू फरक्का खंडों में आरसीसी बॉक्स प्रकार के LHS का निर्माण किया गया, जिससे लेवल क्रॉसिंग गेट नंबर 39, 44, 23 और 62 के स्थान पर यात्रियों को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक मार्ग उपलब्ध हो सका। इसके अलावा, मालदा टाउन–न्यू फरक्का खंड के एक अनधिकृत ट्रेसपासिंग स्थल पर भी एक अतिरिक्त सबवे तैयार किया गया।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इन संरचनाओं का उद्देश्य न केवल सुरक्षा में बढ़ोतरी है, बल्कि ट्रेनों के संचालन को और अधिक निर्बाध एवं मानव हस्तक्षेप से मुक्त बनाना भी है।
ट्रैक संरचना में हुआ बहुआयामी सुधार
सिर्फ सबवे निर्माण तक ही सीमित नहीं, पूर्व रेलवे ने नियोजित शैडो ब्लॉकों के अंतर्गत महत्वपूर्ण ट्रैक अनुरक्षण कार्यों को भी बखूबी अंजाम दिया। मालदा टाउन–न्यू फरक्का एवं महिपाल रोड–मनीग्राम खंडों में CTRP (कंटिन्युअस ट्रैक रिन्यूअल प्लांट) के तहत 560 मीटर अप एवं लूप लाइन पर 45 पैनलों का प्रतिस्थापन किया गया।
टर्नआउट स्विचों के अपग्रेडेशन के तहत 09 प्वाइंट्स पर परिवर्तन किए गए, जिससे जंक्शन क्षेत्रों में सुरक्षा और स्थिरता में इज़ाफा हुआ। बैलेस्ट क्लीनिंग मशीन और टेंपिंग मशीनों के माध्यम से कुल 820 मीटर डीप स्क्रीनिंग और 15,455 मीटर ट्रैक पर सादा टेंपिंग की गई।

2,800 मीटर डिस्ट्रेसिंग कार्य और 19 डीएमटी वैगनों से बैलेस्ट अनलोडिंग, ट्रैक तनाव कम करने और स्थायित्व सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध हुआ। साथ ही, 47 रेल जॉइंट्स का वेल्डिंग कर समग्र ट्रैक एकरूपता को और मज़बूत किया गया।
ब्रिज सेक्शन में भी हुए संरचनात्मक सुधार
मालदा टाउन–न्यू फरक्का खंड के ब्रिज संख्या 41 पर 156 मीटर और ब्रिज संख्या 19 पर 140 मीटर का कर्व रियलाइन्मेंट कार्य किया गया, जिससे पुल क्षेत्रों में गति और सुरक्षा क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
रेल पाइलिंग द्वारा लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 61 एवं 63 पर 243 मीटर ट्रैक क्षेत्र को और सुदृढ़ किया गया है। साथ ही 3,700 मीटर फ्लैट रोलिंग मिल और 2,000 मीटर बैलेस्ट रेगुलेटिंग कार्य भी सफलता पूर्वक पूर्ण हुए।
पूर्व रेलवे की प्रतिबद्धता का परिचायक
पूर्व रेलवे द्वारा संरचना उन्नयन और शैडो ब्लॉकों के माध्यम से किए गए ये तकनीकी एवं संरचनात्मक कार्य रेलवे की उस प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं, जो यात्रियों की सुरक्षा, समयबद्धता और सेवा गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।