पूर्व रेलवे में मालदा डीआरएम कार्यालय ने रचा इतिहास, ISO 9001:2015 और 5S प्रमाणन हासिल करने वाला बना पहला कार्यालय
सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली व गुणवत्ता प्रबंधन में मिली अंतरराष्ट्रीय मान्यता

मालदा, 30 मई।
पूर्व रेलवे के अंतर्गत मालदा मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय ने एक नई उपलब्धि दर्ज करते हुए ISO 9001:2015 और 5S प्रमाणन प्राप्त कर लिया है। यह उपलब्धि हासिल करने वाला यह पूर्व रेलवे का पहला कार्यालय बन गया है। इस मान्यता ने न केवल मालदा मंडल के प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता को रेखांकित किया है, बल्कि कार्यस्थल की स्वच्छता और प्रबंधन प्रणाली की दक्षता को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार्यता दिलाई है।

गौरतलब है कि ISO 9001:2015 प्रमाणन गुणवत्ता प्रबंधन सेवा (QMS) के अंतर्गत दिया जाता है, जो कार्यप्रणालियों में उत्कृष्टता और उपभोक्ता संतुष्टि की दिशा में किए गए प्रयासों का मानदंड होता है। वहीं 5S प्रमाणन एक जापानी कार्य संस्कृति आधारित प्रणाली है, जो कार्यस्थल पर अनुशासन, सुव्यवस्था, स्वच्छता और निरंतर सुधार को बढ़ावा देती है।

इस सफलता के अवसर पर मालदा डीआरएम कार्यालय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ग्लोवेल कंसल्टेंट के वरिष्ठ सलाहकार श्री अजीत कुमार ने मालदा के मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता को औपचारिक रूप से प्रमाण पत्र सौंपा।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री गुप्ता ने कहा, “यह प्रमाणन न केवल हमारी टीम की मेहनत और समर्पण का परिणाम है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि स्वच्छ और अनुशासित कार्यस्थल उत्पादकता को नई ऊँचाइयों तक ले जा सकता है। यह हमारे कार्यसंस्कृति में निरंतर सुधार की भावना को मजबूत करता है।”

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री शिव कुमार प्रसाद, वरिष्ठ मंडल पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधक श्री प्रदीप दास सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और इस उपलब्धि के लिए पूरी टीम को बधाई दी।

मालदा डीआरएम कार्यालय की यह उपलब्धि पूर्व रेलवे के अन्य मंडलों के लिए एक प्रेरणास्रोत साबित हो सकती है। यह प्रमाणन इस बात का प्रमाण है कि यदि कार्यस्थल पर गुणवत्ता, अनुशासन और पर्यावरणीय जिम्मेदारी को प्राथमिकता दी जाए, तो हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *