प्लास्टिक मुक्त स्टेशन की ओर बढ़ा मालदा मंडल, विश्व पर्यावरण दिवस पर चला सघन जागरूकता अभियान
भागलपुर, मालदा टाउन समेत प्रमुख स्टेशनों पर सिंगल-यूज प्लास्टिक के खिलाफ कड़ा संदेश
मालदा/29 मई।
विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के उपलक्ष्य में पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने “प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करें” विषय को केंद्र में रखते हुए सिंगल-यूज प्लास्टिक (SUP) के खिलाफ सघन जागरूकता अभियान चलाया। मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष पहल का मकसद रेलवे परिसरों में प्लास्टिक प्रतिबंध को प्रभावी बनाना और हरित व्यवहार को प्रोत्साहित करना था।
अभियान के दौरान भागलपुर, मालदा टाउन सहित मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधन (EnHM) विभाग की टीमों ने सक्रियता दिखाई। स्टेशन परिसरों, खानपान स्टालों, दुकानों और सेवा केंद्रों पर जाकर अधिकारियों ने निरीक्षण किया और सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग की स्थिति की जांच की।

निरीक्षण के दौरान जहां कहीं प्लास्टिक सामग्री का प्रयोग देखा गया, वहां तत्काल चेतावनी दी गई और संबंधित विक्रेताओं को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। टीम ने विशेष रूप से प्लास्टिक से उत्पन्न होने वाले सूक्ष्म कणों के खतरों की जानकारी दी, जो पर्यावरण व स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर खतरा हैं।
बायोडिग्रेडेबल विकल्पों पर दिया गया जोर
EnHM विभाग ने सभी खानपान विक्रेताओं और पैकेजिंग सेवा प्रदाताओं को पुनः उपयोग योग्य व जैव अपघटनीय विकल्पों को अपनाने की सलाह दी। उन्हें यह समझाया गया कि न केवल प्लास्टिक का बहिष्कार जरूरी है, बल्कि उसके टिकाऊ विकल्पों को अपनाना भी अनिवार्य है।

डेयरी उत्पादों के पैकेजिंग पर विशेष नजर
अभियान के एक अहम हिस्से के तौर पर दूध व डेयरी उत्पादों की पैकिंग में प्रयुक्त बैग्स की आंशिक कटाई (partial cutting) प्रक्रिया पर भी जोर दिया गया। यह प्रक्रिया प्लास्टिक कचरे को अनुशासित ढंग से नष्ट करने और उसके फैलाव को रोकने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
रेलवे की जनता से अपील
मालदा मंडल ने सभी यात्रियों, दुकानदारों और सेवा प्रदाताओं से अपील की है कि वे रेलवे की इस हरित पहल में भागीदार बनें और जिम्मेदार पर्यावरणीय व्यवहार अपनाकर स्टेशन परिसरों को स्वच्छ, सुरक्षित और प्लास्टिक मुक्त बनाने में सहयोग करें।
— संवाददाता