अशोक राजपथ को जाम से मिलेगी निजात, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 422 करोड़ की लागत से बने डबल डेक फ्लाईओवर का किया लोकार्पण
कारगिल चौक से साइंस कॉलेज तक सुगम होगी यातायात व्यवस्था
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को अशोक राजपथ पर कारगिल चौक (गांधी मैदान) से साइंस कॉलेज होते हुए पीएमसीएच तक बनने वाले डबल डेक फ्लाईओवर का लोकार्पण किया। 422 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस महत्त्वपूर्ण फ्लाईओवर का उद्घाटन कारगिल चौक के पास किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह डबल डेक फ्लाईओवर बहुत ही बेहतरीन ढंग से तैयार किया गया है। इसके निर्माण से अशोक राजपथ पर वर्षों से बनी रहने वाली जाम की समस्या से निजात मिलेगी और लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए बधाई दी और कहा कि राज्य सरकार राजधानी की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
गौरतलब है कि डबल डेक फ्लाईओवर की यह परियोजना राजधानी पटना के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी, जिससे अशोक राजपथ जैसे व्यस्त मार्ग पर सुगम और निर्बाध यातायात संभव हो सकेगा।