विमान हादसे के पीड़ितों और वरिष्ठ कांग्रेस नेता को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
गांधी चर्चा मंदिर में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम, शहर के कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
जमालपुर, प्रतिनिधि।
अहमदाबाद में हुए भीषण एयर इंडिया विमान हादसे में मारे गए यात्रियों और मुंगेर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद शहजाद के निधन पर शनिवार को जमालपुर शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शहर के धर्मशाला रोड स्थित गांधी चर्चा मंदिर कांग्रेस कार्यालय में आयोजित किया गया, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और शहर के बुद्धिजीवियों ने मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत सभी मृतकों के सम्मान में दो मिनट के मौन से की गई। इस दौरान वक्ताओं ने विमान हादसे को राष्ट्रीय शोक की घड़ी बताया और मोहम्मद शहजाद के राजनीतिक योगदान को याद करते हुए उन्हें सामाजिक न्याय का सच्चा पक्षधर बताया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष साईं शंकर ने कहा कि, “यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए एक गहरा आघात है। हम उन सभी मृतकों के परिवारों के साथ इस दुःख की घड़ी में खड़े हैं। साथ ही हम अपने वरिष्ठ नेता मोहम्मद शहजाद जी के निधन को कांग्रेस परिवार की अपूरणीय क्षति मानते हैं।”
इस अवसर पर सिद्धेश्वर नाथ विश्वकर्मा, भूपेंद्र नाथ सिंह, विनोद कुमार मंडल, कृष्ण मुरारी, धीरज जालान, मास्टर प्रेम, विकास कुमार, प्रेम राम सिंह, विनोद रजक, परमानंद मंडल और मनोज कुमार सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और उनके परिजनों को इस दुखद घड़ी में धैर्य एवं संबल दे।
कार्यक्रम का समापन शांति पाठ और पुष्पांजलि अर्पण के साथ किया गया।