पाटलिपुत्र से गोरखपुर के लिए दौड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस : प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअली दिखाई हरी झंडी, सफर होगा तेज़ और सुरक्षित

पटना/गोरखपुर, 21 जून
बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देते हुए शनिवार को पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीवान जिले के जसौली में आयोजित जनसभा से वर्चुअल माध्यम से किया। ‘मेड इन इंडिया’ तकनीक से निर्मित यह अत्याधुनिक ट्रेन 22 जून से नियमित रूप से सप्ताह में छह दिन चलेगी और यात्रियों को तेज, आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव कराएगी।

110 की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन, भविष्य में बढ़ेगी स्पीड
इस आधुनिक ट्रेन को फिलहाल अधिकतम 110 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलाया जाएगा, जिसे आगे 130 से लेकर 160 किलोमीटर प्रति घंटे तक बढ़ाया जा सकता है। लोको पायलट जयंत सिन्हा ने इसे “100 प्रतिशत सुरक्षित ट्रेन” बताते हुए कहा कि यह दुर्घटनारहित संचालन के लिए डिजाइन की गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताते हुए कहा कि वंदे भारत का यह नया रूट बिहार और यूपी को सामाजिक-आर्थिक रूप से और करीब लाएगा।

सप्ताह में छह दिन चलेगी, किराया 925 से 1820 रुपये
ट्रेन का संचालन शनिवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी छह दिनों में होगा। एसी चेयर कार के लिए न्यूनतम किराया 925 रुपये और एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए अधिकतम किराया 1820 रुपये तय किया गया है।

यह होगा ट्रेन का रूट और टाइम टेबल
पाटलिपुत्र से गोरखपुर की ओर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी (बापूधाम), सगौली, बेतिया, नरकटियागंज, बगहा और कप्तानगंज स्टेशनों पर रुकेगी। गोरखपुर से ट्रेन सुबह 5:40 बजे रवाना होकर दोपहर 12:45 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी। वहीं वापसी यात्रा पाटलिपुत्र से शाम 3:30 बजे शुरू होकर रात 11:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।

यात्रा ही नहीं, क्षेत्रीय विकास को भी मिलेगी रफ्तार
वंदे भारत एक्सप्रेस के इस रूट से न सिर्फ यात्रा सुविधाएं बेहतर होंगी, बल्कि चंपारण, तिरहुत और गंडक क्षेत्र को व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के नए अवसर मिलेंगे। उत्तर बिहार के इन इलाकों को अब राजधानी पटना और पूर्वी उत्तर प्रदेश से एक नई आधुनिक लिंक मिल गई है।

 

– रिपोर्ट: संवाददाता, टीडब्ल्यूएम न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *