पीएम मोदी का तीखा वार : कहा, ‘राजद-कांग्रेस ने किया बिहार का अपमान, बाबा साहेब को पैरों में और परिवार को सिर पर रखा’
सिवान की जनसभा में बोले प्रधानमंत्री, NDA शासन में बिहार में बदला विकास का अर्थ, दलितों से की बड़ी अपील
सिवान, 20 जून।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सिवान में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों – खासकर राजद और कांग्रेस – पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने दशकों तक बिहार को लूटा, अब वे फिर से सत्ता की चाबी पाने का सपना देख रहे हैं। लेकिन बिहार अब जाग चुका है और अपने स्वाभिमान के लिए खड़ा हो चुका है।
‘अम्बेडकर को पैरों में और वंशवाद को सिर पर रखा’
प्रधानमंत्री ने लालू यादव पर अप्रत्यक्ष हमला करते हुए कहा कि “राजद ने बाबा साहेब अम्बेडकर का अपमान किया है। उनके जन्मदिन पर जिस तरह अम्बेडकर की तस्वीर को पैरों में रखा गया, वह पूरे देश ने देखा। ये लोग अम्बेडकर को अपने पैरों में रखते हैं, लेकिन मोदी उन्हें अपने दिल में रखता है।”
उन्होंने दलित समाज से अपील करते हुए कहा कि ऐसे लोगों से सावधान रहें, जो वर्षों तक सत्ता में रहकर सिर्फ अपने परिवार का विकास करते रहे, समाज का नहीं।
‘पंजा और लालटेन ने छीन लिया बिहार का आत्मसम्मान’
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का पंजा और राजद की लालटेन, दोनों ने मिलकर बिहार के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाई है। “इन लोगों ने ऐसी लूट-खसोट मचाई कि गरीबी इस राज्य की पहचान बन गई थी। लेकिन नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में NDA सरकार ने इसे बदलने का काम किया है।”
बिहार में विकास की बिछी नई बुनियाद
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि बीते दस वर्षों में बिहार में 55 हजार किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़कों का निर्माण हुआ है। 1.5 करोड़ घरों को बिजली से जोड़ा गया, वहीं इतने ही घरों को नल-जल योजना से पानी उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने कहा कि “आज बिहार में 45 हजार से ज्यादा कॉमन सर्विस सेंटर बनाए गए हैं, जिससे गांवों तक डिजिटल सुविधाएं पहुंची हैं। यह विकास अब केवल आंकड़ों में नहीं, जमीन पर दिखता है।”
‘राजद-कांग्रेस के शासनकाल में बंद होते थे कारोबार’
उन्होंने कहा कि जब राजद-कांग्रेस गठबंधन विकास की बात करता है, तब बिहार के लोगों को दुकानों पर ताले और उद्योगों पर ताले नजर आते हैं। “इसलिए बिहार का युवा इन्हें आज भी नकार देता है। ये लोग केवल अपने परिवार की तरक्की के लिए काम करते हैं, जबकि हमारा मंत्र है—सबका साथ, सबका विकास,” पीएम ने कहा।
‘बिहार बनेगा विकसित भारत का इंजन’
प्रधानमंत्री मोदी ने सिवान से यह भी घोषणा की कि “हम बिहार को विकसित भारत का इंजन बनाएंगे। दुनिया के समृद्ध देशों के नेता भारत की प्रगति से प्रभावित हैं। वे भारत को तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनते देख रहे हैं—और इसमें बिहार की भूमिका निर्णायक होगी।”
‘मैं बिहार के लिए रुका नहीं हूं, और करना बाकी है’
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह बिहार को केवल वादे देने नहीं आए हैं, बल्कि उन्हें पूरा करने का संकल्प दोहराने आए हैं। “हमने अब तक बहुत कुछ किया है, लेकिन मोदी इतने से रुकने वाला नहीं। मुझे बिहार के लिए और भी बहुत कुछ करना है।”
‘सिवान की भूमि प्रेरणा स्थली, अब विकास की धरती बनेगी’
प्रधानमंत्री ने कहा कि सिवान की धरती स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा रही है। आज यहां से हजारों करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। “ये परियोजनाएं बिहार को उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाएंगी,” उन्होंने विश्वास जताया।
रिपोर्ट: टीडब्ल्यूएम ब्यूरो, सिवान