स्वाभिमान के सवाल पर गरजे पीएम मोदी : कहा, पंजा-लालटेन गठबंधन ने बिहार को बदनाम किया, अब समय विकास का है
सिवान से प्रधानमंत्री ने राजद-कांग्रेस पर बोला तीखा हमला, योजनाओं की दी सौगात
सिवान, 20 जून।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सिवान की ऐतिहासिक धरती से एक बार फिर बिहार की राजनीति में स्वाभिमान, विकास और जंगलराज के मुद्दों को केंद्र में लाते हुए विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कांग्रेस और राजद पर नाम लिए बिना कहा कि “पंजा और लालटेन वालों ने बिहार के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाया है। इन्हीं लोगों के कारण राज्य वर्षों तक गरीबी, कुशासन और बदनामी का शिकार बना रहा।”
‘बिहार की भूमिका होगी ऐतिहासिक’
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में हाल ही में संपन्न अंतरराष्ट्रीय दौरों का उल्लेख करते हुए कहा, “मैं अभी विदेश यात्रा से लौटा हूं। वहां दुनिया के समृद्ध देशों के नेताओं से मुलाकात हुई। वे सभी भारत की प्रगति से चकित हैं। भारत को तीसरी सबसे बड़ी वैश्विक आर्थिक शक्ति बनते देख रहे हैं और इसमें बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।”
उन्होंने कहा कि “बिहार अब पीछे नहीं रहेगा, विकास के पथ पर मजबूती से आगे बढ़ेगा।”
विकास योजनाओं की सौगात
पीएम मोदी ने जनसभा के दौरान सिवान और बिहार को करोड़ों रुपये की योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कहा कि आज शिलान्यास और लोकार्पण की गई ये परियोजनाएं बिहार को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाएंगी। “ये धरती स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा स्थली रही है, अब ये विकास की नई इबारत भी लिखेगी,” प्रधानमंत्री ने कहा।
‘जंगलराज को भूल नहीं सकते बिहारवासी’
राजद-कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि “लालू-राबड़ी का शासन जंगलराज का दूसरा नाम था। जनता उस दौर को कभी भूल नहीं सकती। आज के नौजवानों ने तो उन हालातों को सिर्फ किस्सों में सुना है। वो नहीं जानते कि इन लोगों ने बिहार की कैसी बदहाली की थी। अब वे फिर सत्ता के संसाधनों पर कब्जा करने का सपना देख रहे हैं।”
‘नीतीश के नेतृत्व में बिहार बदला’
नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके नेतृत्व में बिहार ने विकास की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। “भ्रष्टाचार और कुशासन के दलदल से निकलकर अब बिहार नई पहचान बना रहा है। लेकिन अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है, और हम इसके लिए कृतसंकल्प हैं,” उन्होंने कहा।
बिहार के युवाओं को बताया भविष्य का आधार
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार की ताकत उसके युवा हैं, जिन्होंने बदलाव की बुनियाद रखी है। “आप सबने मिलकर जंगलराज को नकारा है, यही आपकी सबसे बड़ी भूमिका है। अब यह सुनिश्चित करना है कि वे दिन फिर न लौटें,” पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा।
रिपोर्ट: टीडब्ल्यूएम संवाददाता, सिवान