संजय गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, कार्यों को किया याद

जमालपुर, 23 जून (संवाददाता) — शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में सोमवार को धर्मशाला रोड स्थित गांधी चर्चा मंदिर परिसर में कांग्रेस के पूर्व नेता स्वर्गीय संजय गांधी की पुण्यतिथि पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने संजय गांधी के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शहर कांग्रेस अध्यक्ष साईं शंकर ने की। इस अवसर पर मुंगेर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष मोहम्मद इनामुल हक, राष्ट्रीय पर्यवेक्षक प्रज्ञा फिलिप्स, खड़गपुर प्रखंड अध्यक्ष दिलीप मंडल, प्रखंड सचिव मोहम्मद शमीम, पूर्व उपाध्यक्ष सिद्धेश्वर नाथ विश्वकर्मा तथा कार्यालय सचिव राम शंकर सिंह उपस्थित रहे।

सभा को संबोधित करते हुए साईं शंकर ने कहा, “आपातकाल के दौर में जहां इंदिरा गांधी ने 20 सूत्री आर्थिक कार्यक्रम की शुरुआत की, वहीं संजय गांधी ने पांच बिंदुओं पर आधारित एक जनोन्मुखी अभियान शुरू किया, जिसमें साक्षरता, परिवार नियोजन, वृक्षारोपण, जातिवाद और दहेज प्रथा के खिलाफ अभियान शामिल था। बाद में इन्हें मिलाकर संयुक्त 25 सूत्रीय कार्यक्रम तैयार किया गया, जिसने देश के सामाजिक विकास में अहम भूमिका निभाई।”

राष्ट्रीय पर्यवेक्षक प्रज्ञा फिलिप्स ने कहा, “1971 में संजय गांधी के नेतृत्व में मारुति मोटर्स लिमिटेड की स्थापना हुई, जिसका उद्देश्य देश के मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए सस्ती कार मुहैया कराना था। उनकी सोच और नेतृत्व क्षमता का ही परिणाम है कि आज मारुति सुजुकी भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग की अग्रणी कंपनी बनी हुई है।”

जिला कार्यकारी अध्यक्ष मोहम्मद इनामुल हक ने अपने संबोधन में कहा, “1974 में जब देश में जेपी आंदोलन ने गति पकड़ी, तब युवा कांग्रेस का नेतृत्व संजय गांधी ने संभाला। उनके मार्गदर्शन में अंबिका सोनी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्य किया और बिहार में तारिक अनवर युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बने।”

कार्यक्रम का समापन दो मिनट के मौन व्रत और पुष्पांजलि के साथ किया गया। उपस्थित नेताओं ने संजय गांधी के विचारों को आत्मसात करने और पार्टी के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


तस्वीर: कार्यक्रम स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ता संजय गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *