महामाया शक्ति धाम मंदिर में होगा नौ दिवसीय श्री देवी भागवत पाठ, waterproof पंडाल तैयार
तृतीय स्थापना दिवस पर शहरवासियों के लिए भक्ति का महापर्व, दर्जनों तोरण द्वार से सजेगा नगर
श्री श्री 108 महामाया शक्ति धाम मंदिर का तृतीय स्थापना दिवस इस वर्ष विशेष भक्ति आयोजन के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में नौ दिवसीय संगीतमय श्री देवी भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
मंदिर के अध्यक्ष जयशंकर शर्मा एवं मंत्री गिरधर संघई ने बताया कि नगरवासियों के सहयोग, स्नेह और मां महामाया के आशीर्वाद से इस वर्ष आयोजन को और अधिक भव्य रूप दिया गया है। आयोजन स्थल पर मौसम को ध्यान में रखते हुए विशेष वॉटरप्रूफ पंडाल की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालु किसी असुविधा के बिना भक्ति में लीन हो सकें।
दर्जनों तोरण द्वारों से सजेगा शहर
कथा के शुभारंभ से पूर्व पूरे शहर को धार्मिक उत्सव के रंग में रंगा जा रहा है। संयोजकों ने बताया कि नगर भर में दर्जनों आकर्षक तोरण द्वार बनाए गए हैं, जो श्रद्धालुओं के स्वागत का प्रतीक होंगे।

महेश जी संघई के मार्गदर्शन में होगा आयोजन
कार्यक्रम के संयोजक राजकुमार शर्मा, योगेश अग्रवाल और सुजीत संघई ने बताया कि यह आयोजन मां दुर्गा के अनन्य भक्त महेश जी संघई के मार्गदर्शन में संपन्न होगा। कथा के दौरान भक्तगण संगीतमय श्री देवी भागवत का रसपान करेंगे।
व्यवस्थाओं का लिया जा रहा है नियमित जायजा
पूरे कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा संदीप अग्रवाल, प्रकाश पंसारी, माधव मसकारा, विकास गर्ग और दिनेश चंद्र जोशी लगातार ले रहे हैं ताकि आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रहे।
संयोजकों ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में आकर मां महामाया की कृपा प्राप्त करें और इस भक्ति आयोजन को सफल बनाएं।