जमालपुर में 30 जून को कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर होगा जोर
तीनों प्रखंडों व नगर परिषद के कार्यकर्ता होंगे शामिल, AICC प्रशिक्षक विकास बुडानिया देंगे मार्गदर्शन
जमालपुर, मुंगेर | संवाददाता
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर से सक्रिय और मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में मुंगेर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में 30 जून को एकदिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह प्रशिक्षण शिविर जमालपुर-मुंगेर पथ स्थित वीं मार्ट के समीप फूड प्लाजा बैंक्विट हॉल में सुबह 10 बजे से आयोजित होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष मोहम्मद इनामुल हक करेंगे, वहीं प्रशिक्षण सत्र का संचालन एआईसीसी के सह प्रशिक्षक विकास बुडानिया करेंगे। शिविर में जमालपुर विधानसभा क्षेत्र के तीनों प्रखंड—धरहरा, जमालपुर और खड़गपुर—की 34 पंचायतों और नगर परिषद जमालपुर के 36 वार्डों से पार्टी कार्यकर्ता भाग लेंगे।
इनामुल हक ने जानकारी देते हुए कहा कि प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, बूथ स्तर की योजना, जनसंपर्क अभियान, संगठन विस्तार और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा, “आज की राजनीति में संगठन ही चुनावी सफलता की कुंजी है। कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहना होगा और जनता के बीच जाकर कांग्रेस की नीतियों व उपलब्धियों को पहुँचाना होगा।”

शिविर को लेकर तैयारियों का जायजा लेते हुए जमालपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष साईं शंकर ने कहा कि यह प्रशिक्षण केवल राजनीतिक नहीं बल्कि विचारधारा की रक्षा का मंच भी है। उन्होंने कहा, “अब समय है कि हर कार्यकर्ता अपने मोहल्ले, पंचायत और वार्ड में जाकर कांग्रेस की जनहितकारी योजनाओं को बताए और सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करे। संगठन की मजबूती ही पार्टी की रीढ़ है और यह प्रशिक्षण उसी दिशा में एक अहम कदम है।”
कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर पार्टी कार्यकर्ता जोश में हैं। माना जा रहा है कि इस प्रशिक्षण के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सांगठनिक सक्रियता जमालपुर विधानसभा में एक नई ऊर्जा लेकर आएगी।