रेल कर्मियों की मांगों को लेकर ERMU का प्रदर्शन, रैली के बाद सौंपा ज्ञापन
मुख्य रेलवे अस्पताल को मल्टी स्पेशलिटी में बदलने, कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने समेत कई मांगें उठीं

जमालपुर (मुंगेर), 30 जून।
ईस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन (ERMU) कारखाना शाखा, जमालपुर की ओर से आज एक विशाल रैली और प्रदर्शन का आयोजन किया गया। यह रैली स्वास्थ्य इकाई से शुरू होकर विभिन्न वर्कशॉप होते हुए पुनः स्वास्थ्य इकाई परिसर में एक जनसभा में परिवर्तित हो गई। इस अवसर पर यूनियन की ओर से कर्मचारियों की केंद्रीय एवं स्थानीय समस्याओं को लेकर मुख्य कारखाना प्रबंधक को एक ज्ञापन भी सौंपा गया।

प्रदर्शन में केंद्रीय वक्ता कॉमरेड अनिल प्रसाद यादव तथा विशिष्ट अतिथि AIRF के कार्यकारी सदस्य कॉमरेड वीरेंद्र प्रसाद यादव की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष कॉमरेड कमोज कुमार ने की, जबकि सभा को संयुक्त सचिव गोपाल जी, सहायक सचिव संजीव कुमार और शाखा सचिव कॉमरेड परमानंद कुमार ने संबोधित किया।

अपने संबोधन में यूनियन नेताओं ने प्रमुख रूप से मुख्य रेलवे अस्पताल जमालपुर को मल्टी स्पेशलिटी में परिवर्तित करने, वैगन रिपेयर हेतु जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण, स्थायी कर्मचारियों की संख्या को 10,000 तक बढ़ाने, निर्माण कार्यों में ठेकेदारी प्रथा की जगह स्थायी कर्मचारियों से काम कराने, UPS में 10% कटौती को ब्याज सहित वापस दिलाने, तथा जमालपुर कारखाना को विद्युत इंजन, EMU, MEMU जैसे लोड दिए जाने की मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।

शाखा सचिव परमानंद कुमार ने बताया कि इन मांगों को लेकर यूनियन लंबे समय से संघर्षरत है और जब तक इन्हें पूरा नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्रीय स्तर पर स्थायी वार्ता तंत्र में इन मुद्दों को उठाया गया है और परिणामस्वरूप रेलवे अस्पताल के इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड करने के लिए प्रशासन द्वारा बजट भी स्वीकृत कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि कारखाने के सैंक्शन स्ट्रेंथ को बढ़ाने, नए लोड जमालपुर को आवंटित करने, और UPS में कटौती की वापसी के लिए चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे यूनियन और AIRF के संघर्षों में पूरी एकजुटता से शामिल हों।

प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम में शाखा कोषाध्यक्ष रंजित कुमार सिंह, मृत्युंजय कुमार सिंह, रिजवान आलम, अभिमन्यु पासवान, रवींद्र यादव, पूरण सोरेन, राहुल रमण, राजीव कुमार, अमरेंद्र कुमार, अमित कुमार राय, सुमन भारती, मंजू श्रीवास्तव, धनंजय कुमार, ललन कुमार, अभिषेक कुमार, शिशिर कुमार, शिवव्रत गौतम, गणेश कुमार, पंकज कुमार, संजय कुमार, रवि शंकर कुमार, धर्मेंद्र कुमार, चंदन कुमार, देवानंद सागर सहित महिला कमेटी से मधु कुमारी, कविता कुमारी, पूनम जी समेत बड़ी संख्या में कर्मी उपस्थित थे।

अंत में मीडिया प्रभारी गोपाल जी ने सभा की सफलता और कर्मचारियों की एकजुटता के लिए सभी का आभार जताया और कहा कि आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा यदि मांगे पूरी नहीं की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *