विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न
विकास बुडानिया ने कार्यकर्ताओं को बूथ मैनेजमेंट और संगठन पर दिया मंत्र

जमालपुर (मुंगेर), 30 जून।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी रणनीति को धार देने के उद्देश्य से सोमवार को जमालपुर में एकदिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया। यह शिविर वीं मार्ट के समीप फूड प्लाज़ा बैंक्विट हॉल में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण शिविर में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में एआईसीसी के प्रशिक्षक विकास बुडानिया ने भाग लिया। उनके साथ सह प्रशिक्षक एवं विधानसभा प्रभारी, साथ ही राष्ट्रीय पर्यवेक्षक प्रज्ञा फिलिप्स भी मौजूद रहीं।

बुडानिया ने अपने संबोधन में कहा कि आज की राजनीति में संगठन की मज़बूती ही चुनावी जीत की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर की रणनीति, प्रभावी जनसंपर्क अभियान, सोशल मीडिया के रचनात्मक उपयोग, और पार्टी की विचारधारा के प्रचार के गुर सिखाए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को अब हर घर तक पहुंच बनाकर कांग्रेस की जनकल्याणकारी योजनाओं को बताना होगा और केंद्र व राज्य सरकार की नाकामियों को उजागर करना होगा।

इस मौके पर जमालपुर के कांग्रेस विधायक डॉ. अजय कुमार सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन ही किसी पार्टी की रीढ़ होता है। उन्होंने कहा, “अब वक्त आ गया है जब हर कार्यकर्ता को ज़मीनी स्तर पर उतर कर घर-घर संवाद करना होगा।” उन्होंने आने वाले चुनाव को सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि विचारधारा की रक्षा की लड़ाई बताया और कहा कि ईमानदारी, निष्ठा और मेहनत से ही जीत संभव होगी।

शिविर में धरहरा, जमालपुर और खड़गपुर प्रखंडों के 34 पंचायतों एवं जमालपुर नगर परिषद के 36 वार्डों के कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

मौके पर मुंगेर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक पासवान, जमालपुर नगर अध्यक्ष साईं शंकर, धरहरा प्रखंड अध्यक्ष प्रभाकर सिंह, खड़गपुर प्रखंड अध्यक्ष दिलीप मंडल, सहित भूपेंद्र नाथ सिंह, बंकिम सिंह, आर. के. मंडल, कृष्ण मुरारी, मनोज यादव, गोपीचंद सितारा, सुनील कुमार, मयंक राज, प्रो. देवराज सुमन, मोहम्मद शकील, मोहम्मद नौशाद, चंदन कुमार, सिद्धेश्वर नाथ विश्वकर्मा, कमलेश्वरी मंडल आदि ने भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संगठन को मज़बूत करने और चुनाव की तैयारी में पूरी निष्ठा से जुटने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *