बकरी पालन को आत्मनिर्भरता का जरिया बना रहे युवा, यूको आरसेटी में 31 दिवसीय प्रशिक्षण का हुआ समापन
प्रशिक्षणार्थियों को मिला प्रमाण पत्र, निदेशक ने व्यवसाय की राह पर बढ़ने की दी सलाह
मुंगेर, 7 जुलाई।
यूको आरसेटी (मुंगेर) द्वारा संचालित 31 दिवसीय बकरी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन सोमवार को संस्थान परिसर में हुआ। इस अवसर पर निदेशक श्री रोहन ने प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी 30 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खड़गपुर, जमालपुर, असरगंज और मुंगेर प्रखंड के प्रतिभागियों ने इस प्रशिक्षण में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को बकरी पालन के तकनीकी पहलुओं से परिचित कराना तथा उन्हें स्वरोजगार के लिए तैयार करना था।
समापन समारोह में निदेशक श्री रोहन ने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बकरी पालन ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक प्रभावी पहल है। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि वे इस कौशल का उपयोग कर बैंक की सहायता से बड़े स्तर पर अपने व्यवसाय की शुरुआत करें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को डीएसटी प्रशिक्षक मुकुंद कुमार सिंह द्वारा संचालित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान बकरी की नस्ल, पोषण, रख-रखाव, रोग नियंत्रण एवं विपणन जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रतिभागियों को दी गईं।
समारोह के दौरान यूको आरसेटी के संकाय सदस्य देवेंद्र कुमार, सन्नी, कार्यालय सहायक नीतीश कुमार, आदित्य और कुणाल राज भी उपस्थित रहे।
यह प्रशिक्षण न केवल युवाओं के लिए रोजगार का माध्यम बना, बल्कि उन्हें गांव में रहकर ही आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक नई राह भी दिखाई।