कर्पूरीग्राम को मिली विकास की सौगात, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया स्टेशन उन्नयन कार्य का शिलान्यास, दीघा ब्रिज हॉल्ट का किया निरीक्षण
17.30 करोड़ की परियोजनाओं से रेल संरचना को मिलेगा नया आयाम
पटना, संवाददाता।
रेलवे के माध्यम से बिहार को आत्मनिर्भर और आधुनिक बनाने की दिशा में केंद्र सरकार के प्रयासों को और गति मिली है। सोमवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने समस्तीपुर मंडल अंतर्गत कर्पूरीग्राम स्टेशन पर 17.30 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने दीघा ब्रिज हॉल्ट का भी निरीक्षण किया और यात्रियों के लिए सुविधाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
रेल मंत्री ने कर्पूरीग्राम स्टेशन पर 3.30 करोड़ रुपए की लागत से स्टेशन उन्नयन कार्य का शिलान्यास करते हुए कहा कि अब यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। प्रस्तावित कार्यों में स्टेशन भवन का आधुनिकीकरण, वेटिंग हॉल, डिजिटल सूचना बोर्ड, दिव्यांगों के लिए रैम्प, पेयजल, स्वच्छ शौचालय सहित अन्य नागरिक सुविधाएं शामिल हैं।
इस मौके पर उन्होंने कर्पूरीग्राम-खुदीराम बोस पूसा स्टेशनों के बीच समपार फाटक संख्या 59 ‘सी’ पर 14 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले अंडरग्राउंड रेलवे सब-वे के निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया। उन्होंने बताया कि इस सब-वे के बन जाने से न केवल स्थानीय ट्रैफिक को राहत मिलेगी, बल्कि ट्रेनों की आवाजाही में भी सुधार होगा।

इससे पहले रेल मंत्री ने दीघा ब्रिज हॉल्ट का निरीक्षण करते हुए वहां की सफाई व्यवस्था, सुरक्षा, प्लेटफॉर्म की स्थिति, प्रकाश व्यवस्था और यात्रियों की मूलभूत आवश्यकताओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि ‘यात्रा का अनुभव केवल गाड़ी से नहीं, बल्कि स्टेशन की व्यवस्था से भी बनता है।’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री वैष्णव ने बिहार के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा, “एक समय था जब बिहार के लिए रेल बजट केवल 1,000 करोड़ रुपए था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज यह बढ़कर 10,000 करोड़ रुपए हो गया है।” उन्होंने यह भी बताया कि बीते 11 वर्षों में रेलवे ने 33,000 किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाई है, जो पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में कई गुना अधिक है।
रेल मंत्री ने यह भी कहा कि रेलवे का यह तेज गति वाला विकास न केवल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करता है, बल्कि रोजगार और सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने बिहार को विकसित भारत की परिकल्पना का मजबूत स्तंभ बताया।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए। स्थानीय जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति कार्यक्रम की सफलता का प्रमाण बनी।
रेल विकास की बयार में कर्पूरीग्राम बना नया केंद्र, अब स्टेशन भी बदलेगा और यात्रियों का अनुभव भी।
© 2025 TWM समाचार सेवा