बिहार को मिली रेल मंत्री की अमृत सौगात, पांच नई ट्रेनों की घोषणा से यात्रियों में खुशी की लहर
पटना-नई दिल्ली के बीच चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, दो सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क की भी घोषणा

मुंगेर, संवाददाता।
बिहारवासियों के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का दौरा कई बड़ी घोषणाओं और सौगातों से भरपूर रहा। सोमवार को मुंगेर में उन्होंने राज्य को एक साथ पाँच नई ट्रेनों की सौगात दी। इनमें चार आधुनिक ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ ट्रेनें शामिल हैं, जो राज्य के अलग-अलग इलाकों को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ेंगी।

प्रतिदिन पटना-नई दिल्ली के बीच दौड़ेगी अमृत भारत एक्सप्रेस
रेल मंत्री ने बताया कि पटना और नई दिल्ली के बीच जल्द ही प्रतिदिन चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत की जाएगी। यह ट्रेन तेज रफ्तार, आधुनिक कोच और आरामदायक यात्रा अनुभव के लिए जानी जाएगी। इसके अलावा दरभंगा-लखनऊ और मालदा टाउन-लखनऊ के बीच एक-एक साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस की भी घोषणा की गई है। साथ ही सहरसा-अमृतसर और जोगबनी से तमिलनाडु के इरोड तक सीधी ट्रेन सेवा की योजना को भी मंजूरी दी गई है।

रेल विकास की बड़ी परियोजनाओं का ऐलान
रेल मंत्री ने बिहार में रेलवे के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्त्वपूर्ण परियोजनाओं की भी जानकारी दी।

  • भागलपुर-जमालपुर के बीच 53 किमी लंबी तीसरी रेल लाइन 1156 करोड़ की लागत से बनेगी।
  • बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया रेलखंड का 104 किमी लंबा दोहरीकरण कार्य 2017 करोड़ की लागत से होगा।
  • रामपुरहाट-भागलपुर रेलखंड का 177 किमी लंबा दोहरीकरण कार्य 3000 करोड़ की लागत से किया जाएगा।

इन परियोजनाओं से राज्य में रेल परिचालन की क्षमता बढ़ेगी, समयबद्ध यात्रा सुनिश्चित होगी और औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

आईटी हब बनने की ओर अग्रसर बिहार
रेल मंत्री ने यह भी घोषणा की कि बिहार में दो सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ इंडिया (STPI) जल्द ही शुरू किए जाएंगे।

  • पाटलिपुत्र में 53 करोड़ की लागत से बना एसटीपीआई और
  • दरभंगा में 10 करोड़ की लागत से निर्मित एसटीपीआई का उद्घाटन जल्द किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह कदम युवाओं को रोज़गार के नए अवसर देगा और बिहार को तकनीकी विकास की नई दिशा में आगे बढ़ाएगा।

रेल मंत्री की घोषणाओं से जनता में उत्साह
रेल मंत्री की घोषणाओं के बाद बिहार में यात्रियों के बीच खुशी की लहर है। लोगों का कहना है कि इन ट्रेनों और परियोजनाओं से न केवल आवागमन सुविधाजनक होगा, बल्कि राज्य का सामाजिक और आर्थिक विकास भी नई ऊंचाईयों को छूएगा।

बिहार को अब इंतजार नहीं, तेज़ रफ्तार की आदत डालनी होगी — अश्विनी वैष्णव
रेल मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार को रेल विकास में समान अधिकार और अवसर मिल रहे हैं। अब बिहार को इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बल्कि उसे विकास की तेज़ रफ्तार की आदत डालनी होगी।


© 2025 TWM समाचार सेवा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *