रायपुरा बाजार में ट्रक ने बुलेट सवार को मारी टक्कर, दो युवक घायल
प्रभात पासवान को मुंगेर किया गया रेफर, मोहम्मद शब्बीर खतरे से बाहर

हवेली खड़गपुर, संवाददाता।
खड़गपुर-गंगटा मुख्य मार्ग पर स्थित रायपुरा बाजार में सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बुलेट बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दरियापुर एक गांव निवासी मोहम्मद शब्बीर (25 वर्ष), पिता मोहम्मद नदीम तथा बजरंगी पासवान के पुत्र प्रभात पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता युवराज कुमार ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को ई-रिक्शा की सहायता से खड़गपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद प्रभात पासवान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज हेतु मुंगेर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, मोहम्मद शब्बीर की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज खड़गपुर सीएचसी में चल रहा है।

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, दोनों युवक बुलेट बाइक से अपने गांव दरियापुर एक जा रहे थे। तभी रायपुरा बाजार के समीप विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना करने वाले ट्रक चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *