गोपल खेमका हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता मुठभेड़ में ढेर, हथियार बरामद
पुलिस को मिली बड़ी सफलता, गोलीबारी में मारा गया विकास उर्फ राजा
पटना, संवाददाता।
राजधानी पटना के चर्चित उद्योगपति गोपाल खेमका हत्याकांड में पुलिस को मंगलवार सुबह बड़ी सफलता हाथ लगी। मामले के एक प्रमुख आरोपी विकास उर्फ राजा को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। यह मुठभेड़ पटना सिटी के मलसलामी इलाके के पास दमइया घाट पर तड़के करीब 2:45 बजे हुई। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं।
राज्य पुलिस की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, विकास उर्फ राजा वही शख्स था जिसने खेमका की हत्या में प्रयुक्त हथियार उपलब्ध कराया था और घटना के मुख्य शूटर उमेश के संपर्क में था। सोमवार को उमेश की गिरफ्तारी के बाद पुलिस राजा को पकड़ने के लिए कार्रवाई कर रही थी।
सूत्रों के अनुसार, जब पुलिस की टीम राजा को पकड़ने के लिए मौके पर पहुंची, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग में राजा घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका शव पोस्टमार्टम के लिए एनएमसीएच भेजा गया है।
इससे पहले सोमवार को खेमका हत्याकांड में पुलिस ने 12 से अधिक संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। आशंका जताई जा रही है कि यह हत्याकांड पूर्व नियोजित था और इसमें कई लोगों की भूमिका रही, जिनमें ‘स्पॉटर्स’ भी शामिल थे जो 4 जुलाई की शाम को खेमका की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।
गौरतलब है कि विख्यात व्यवसायी गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या 4 जुलाई की रात 11:40 बजे गांधी मैदान थाना क्षेत्र में उनके आवास के समीप उस समय कर दी गई थी, जब वे अपनी गाड़ी से उतरकर घर में प्रवेश कर रहे थे।
इस बीच, भाजपा नेता नीरज कुमार ने इस हत्याकांड को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “प्रमुख व्यवसायी गोपाल खेमका की हत्या में शामिल शूटर उमेश की गिरफ्तारी हो चुकी है। यह शूटर किसी राजनीतिक व्यक्ति द्वारा सुपारी पर लगाया गया था। अब समझिए कि बिहार के लिए असली खतरा कौन है?”
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने के लिए अन्य संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। खेमका हत्याकांड में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।