वार्ड नं. 2 में विकास ठप, बुनियादी सुविधाओं के अभाव से परेशान लोग

हवेली खड़गपुर। नगर परिषद बनने के वर्षों बाद भी हवेली खड़गपुर नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या दो के हालात जस के तस बने हुए हैं। यहां के लोगों का कहना है कि चुनाव के वक्त नेताओं द्वारा बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर विकास कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है।

स्थानीय निवासियों के मुताबिक वार्ड में अब तक स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं की गई है। अंधेरे के कारण लोगों को रात में काफी दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। कई बार चोरी जैसी घटनाएं भी हो चुकी हैं। वहीं, बरसात के समय जल निकासी के लिए नाली की समुचित व्यवस्था नहीं होने से गलियों और सड़कों पर गंदा पानी जमा हो जाता है।

वार्ड के लोगों का कहना है कि नल-जल योजना भी नाम मात्र की रह गई है। महीने में मुश्किल से दस-बारह दिन ही पानी की आपूर्ति होती है, वह भी दूषित। इस कारण लोग मजबूरन बोतलबंद पानी खरीद कर पी रहे हैं। पानी की टंकी की सफाई भी वर्षों से नहीं हुई है, जिससे जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय निवासी श्याम कुमार और विकास कुमार बताते हैं कि नल का पानी पीने योग्य नहीं है और बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। वहीं, सड़कों की हालत भी बेहद खराब है। लगभग पंद्रह साल पहले बनी सड़कें अब जगह-जगह टूटी पड़ी हैं।

वार्ड आयुक्त अशोक सिंह का कहना है कि उन्हें वार्ड की सभी समस्याओं की जानकारी है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि राशि उपलब्ध होते ही एक-एक कर समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

लोगों का मानना है कि नगर पंचायत से नगर परिषद बनने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि विकास की गाड़ी तेजी से आगे बढ़ेगी, लेकिन आज भी वार्ड संख्या दो के बाशिंदे अंधेरे, गंदगी और पानी की किल्लत से जूझने को मजबूर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *