तुलसीपुर में लगा सामाजिक सुरक्षा शिविर, 93 लोगों को मिला लाभ
स्वाश्रयी महिला सेवा संघ की पहल पर हुआ आयोजन
तुलसीपुर (06 अगस्त 2025): ग्रामीण क्षेत्र में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं दस्तावेज़ी कार्यों को सरल बनाने के उद्देश्य से आज तुलसीपुर गांव में स्वाश्रयी महिला सेवा संघ के तत्वावधान में एक दिवसीय सामाजिक सुरक्षा कैम्प का आयोजन किया गया।
इस कैम्प में कुल 93 ग्रामीण भाई-बहनों ने हिस्सा लिया, जिनके ऑनलाइन एवं ऑफलाइन फॉर्म सफलतापूर्वक भरे गए। कैम्प के माध्यम से आयुष्मान भारत कार्ड, ई-श्रम कार्ड, लेबर कार्ड, किसान रजिस्ट्रेशन, जाति-आय-निवास प्रमाण पत्र हेतु दस्तावेज एकत्र किए गए। साथ ही SBI बैंक खाता खोलने के लिए आवश्यक कागजात भी जमा किए गए।
शिविर की खास बात यह रही कि सभी सेवाएं निःशुल्क प्रदान की गईं, जिससे ग्रामीणों को काफी राहत मिली। आयोजन में सेवा संघ की सक्रिय कार्यकर्ता रंजू बहन, सोनी बहन, रिमझिम बहन एवं नीतू भाई की उल्लेखनीय भूमिका रही।
ग्रामीणों ने इस शिविर की सराहना करते हुए मांग की कि ऐसे कैम्प नियमित अंतराल पर आयोजित होने चाहिए ताकि अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।