मुंगेर मेडिकल कॉलेज निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, आयुक्त ने विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में दिए सख्त आदेश
सड़कों, मंदिरों, जलाशयों और आवास योजनाओं को समयबद्ध पूरा करने पर विशेष ज़ोर

मुंगेर, 6 अगस्त 2025:
मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त अवनीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय विकास कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुंगेर मेडिकल कॉलेज निर्माण समेत नगर निगम क्षेत्र की तमाम महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। आयुक्त ने संबंधित विभागों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकार, नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता मनोज कुमार, उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मेडिकल कॉलेज निर्माण को बताया अत्यंत आवश्यक

बैठक में बताया गया कि मुंगेर मेडिकल कॉलेज का अब तक केवल 22 प्रतिशत कार्य ही पूर्ण हुआ है। इस पर असंतोष जताते हुए आयुक्त ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए और कहा कि यदि किसी स्तर पर अड़चन हो तो अनुमंडल पदाधिकारी तत्क्षण हस्तक्षेप करें।

सड़कों व धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण पर विशेष ज़ोर

आयुक्त ने निर्देश दिया कि योगाश्रम रिंग रोड, कष्टहरणी घाट, तेलडीहा मंदिर और चंडिका स्थान जैसे स्थलों का सौंदर्यीकरण प्राथमिकता पर किया जाए। दुर्गा पूजा से पूर्व सड़कों के निर्माण कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

उन्होंने चंडिका स्थान मंदिर के कार्य का स्वयं जिलाधिकारी से निरीक्षण करने को कहा, ताकि कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।

जल, आवास और विद्युत शवदाह गृह से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा

नगर निगम एवं जमालपुर नगर परिषद के तहत जलापूर्ति योजना की समीक्षा में आयुक्त ने निर्देश दिया कि शत-प्रतिशत घरों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
विद्युत शवदाह गृह, औद्योगिक पार्क, और खड़गपुर-तारापुर पथ के निर्माण को शीघ्र प्रारंभ करने की आवश्यकता जताई गई।
आवास योजना की समीक्षा में किश्तों के भुगतान की धीमी गति पर चिंता व्यक्त की गई और उसमें तेजी लाने के निर्देश दिए।

पुस्तकालय और छात्रावासों पर भी ध्यान

अम्बेडकरकर्पूरी छात्रावास के संचालन व पुस्तकालयों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने कहा कि छात्रावास में आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं और समय-समय पर उनका निरीक्षण किया जाए।

नगर संवाद और स्वच्छता पर विशेष अभियान

आयुक्त ने नगर आयुक्त को नगर निगम क्षेत्र में प्रत्येक सप्ताह ‘नगर संवाद दिवस’ आयोजित करने को कहा, ताकि आम नागरिकों की शिकायतें सुनी जा सकें। दुर्गा पूजा के मद्देनजर सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए और संबंधित एजेंसी को लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।

बुडको की कार्यप्रणाली पर असंतोष

शहरी विकास योजनाओं में बुडको की धीमी कार्यशैली पर आयुक्त ने असंतोष जताया और नगर आयुक्त को कार्यों की समीक्षा व निरीक्षण के निर्देश दिए।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *