SR शिक्षा सम्राट स्कूल के पूर्व छात्र विवेक आनंद ने हासिल की पहली रैंक
विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल, प्राचार्य व निदेशक ने दी शुभकामनाएं

सिमराही । नगर पंचायत क्षेत्र स्थित एस आर शिक्षा सम्राट स्कूल के लिए आज का दिन गौरव का दिन बन गया, जब इस विद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र डॉ. विवेक आनंद ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), पटना की रेजिडेंट डॉक्टर चयन परीक्षा में पहला स्थान प्राप्त कर पूरे जिले का नाम रौशन किया।

विवेक आनंद ने करीब 700 एमबीबीएस डिग्रीधारी उम्मीदवारों के बीच यह प्रतिष्ठित स्थान हासिल किया है। वे विद्यालय के 2016 बैच के छात्र रहे हैं और प्रारंभ से ही मेधावी, अनुशासित एवं बहुआयामी प्रतिभा के धनी रहे हैं। अपनी स्कूली शिक्षा के दौरान वे कई बार स्कूल टॉपर भी रह चुके हैं। दसवीं बोर्ड परीक्षा में 10 सीजीपीए प्राप्त कर उन्होंने अपनी शैक्षणिक क्षमता का लोहा मनवाया था। नीट की परीक्षा को पहले ही प्रयास में सफलतापूर्वक पास कर उन्होंने पीएमसीएच, पटना से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की।

विद्यालय के प्राचार्य किसलय रवि ने डॉ. विवेक की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि, “विवेक की यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि उन सभी छात्रों के लिए प्रेरणास्पद है जो निरंतर मेहनत करते हैं। हम उन्हें उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं।”

विद्यालय के निदेशक श्री महादेव मेहता ने कहा, “डॉ. विवेक की यह सफलता हमारे विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। इससे यह सिद्ध होता है कि यदि उचित मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प हो तो सफलता निश्चित है। हमारी संस्था के वर्तमान छात्र-छात्राएं भी इससे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें, यही हमारी आशा है।”

डॉ. विवेक की एक अन्य विशेषता यह भी रही है कि उन्होंने छात्र जीवन में एक दुर्घटना के दौरान तत्परता से प्राथमिक चिकित्सा सहायता प्रदान कर यह साबित किया था कि एक डॉक्टर का मूल धर्म सेवा होता है।

विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों और समस्त परिवार ने डॉ. विवेक आनंद को उनके सुनहरे भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उनकी सफलता पर गर्व प्रकट किया।

– संवाददाता
TWM न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *